‘स्वागत’ ऑनलाइन जनसुनवाई से ग्रामीण नागरिक की समस्या का त्वरित समाधान
- साबरकांठा के आदिवासी क्षेत्र में पक्की सड़क बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने मंजूर किए 99.50 लाख रुपये
गांधीनगर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। आम नागरिकों की शिकायतों और समस्याओं के प्रभावी समाधान के लिए गुजरात सरकार का ‘स्वागत’ ऑनलाइन जन शिकायत निवारण कार्यक्रम एक महत्वपूर्ण माध्यम के रूप में काम कर रहा है। अगस्त 2026 की राज्य ‘स्वागत’ में साबरकांठा जिले के आदिवासी क्षेत्र के एक ग्रामीण नागरिक ने गांव की कच्ची सड़क को पक्की बनाने की मांग रखी थी। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने इस शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सड़क निर्माण के लिए 99.50 लाख रुपये मंजूर किए हैं।
भटेला गांव की सड़क के लिए मंजूरी
विजयनगर तहसील के भटेला गांव में कच्चे मेटल मार्ग को डामर की पक्की सड़क में बदलने के लिए यह राशि मंजूर की गई है। नवागाम धनेला निवासी तुषारभाई ने अगस्त की राज्य ‘स्वागत’ में यह समस्या मुख्यमंत्री के समक्ष रखी थी।
मुख्यमंत्री ने ‘स्वागत’ कार्यक्रम के दौरान ही मार्ग एवं मकान विभाग तथा जिला प्रशासन से सड़क की स्थिति और कार्य से संबंधित जानकारी ली और निर्धारित अवधि में काम पूरा करने के निर्देश दिए।
तीन महीने में समाधान का लक्ष्य
सरकार की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री ने सड़क निर्माण के लिए आवश्यक वित्तीय मंजूरी प्रदान करते हुए आपातकालीन निविदा सड़क योजना के तहत 99.50 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। संबंधित विभाग को कार्य को तीन महीने में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
हर महीने मुख्यमंत्री स्वयं सुनते हैं शिकायतें
‘स्वागत’ जन शिकायतों के समाधान के लिए प्रौद्योगिकी आधारित व्यवस्था है। गुजरात में इसकी शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान हुई थी। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी इस व्यवस्था को आगे बढ़ाते हुए हर महीने के चौथे गुरुवार को राज्य ‘स्वागत’ में स्वयं नागरिकों की शिकायतें सुनते हैं और संबंधित विभागों तथा जिला प्रशासन को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देते हैं।
सरकार के अनुसार, भटेला गांव की सड़क को मंजूरी देना नागरिक की शिकायत के समाधान की दिशा में की गई इसी प्रक्रिया का एक उदाहरण है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

