विधायक संगीता पाटिल का जन्मदिन सेवा और धार्मिक आयोजनों के साथ मनाया गया
सूरत, 12 अगस्त (हि.स.)। गुजरात राज्य के सूरत नगर के दक्षिणपूर्वी भाग में स्थित लिम्बायत विधानसभा क्षेत्र की विधायक संगीता पाटिल का जन्मदिन विभिन्न सेवा एवं धार्मिक आयोजनों के साथ उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में जरूरतमंदों की सहायता के लिए कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। कहीं गरीब विद्यार्थियों को साइकिल वितरित की गई, तो कहीं विधवा महिलाओं को साड़ियां भेंट की गईं। इसके अलावा भजन-कीर्तन और सुंदरकांड जैसे धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
इसी क्रम में डिंडोली के पटेल फड़िया में पूर्व पार्षद निराला सिंह ‘बबलू सिंह’ राजपूत के नेतृत्व में विशेष सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित किए गए। कंबल पाकर जरूरतमंदों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली।
कंबल वितरण के बाद सभी उपस्थित लोगों को मिठाई खिलाकर विधायक संगीता पाटिल का जन्मदिन धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। आयोजक पूर्व पार्षद निराला सिंह राजपूत ने कहा कि जन्मदिन को केवल उत्सव के रूप में मनाने के बजाय जरूरतमंद लोगों की सेवा के माध्यम से मनाना ही इस अवसर की सार्थकता है।
कार्यक्रम में स्थानीय कार्यकर्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में क्षेत्र के लोग उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

