सूरत की तिरुपति मार्केट में मासूम पर आवारा कुत्तों का हमला, सीसीटीवी वीडियो वायरल
सूरत, 25 मई (हि.स.)। सूरत के रिंग रोड स्थित तिरुपति मार्केट में आवारा कुत्तों के आतंक की एक बेहद डरावनी घटना सामने आई है। भीड़भाड़ वाले टेक्सटाइल मार्केट क्षेत्र में एक मासूम बच्चे पर तीन आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया, जिसका सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद व्यापारियों और स्थानीय लोगों में भय और नाराजगी का माहौल है।
एक महिला अपने छोटे बच्चे के साथ तिरुपति मार्केट में खरीदारी के लिए आई थी। इसी दौरान कुछ पल के लिए महिला का ध्यान बच्चे से हट गया और वहां घूम रहे तीन आवारा कुत्ते अचानक बच्चे पर टूट पड़े। कुत्तों ने बच्चे को घेर लिया और उसे नोचते हुए सड़क पर घसीटना शुरू कर दिया।
बच्चे की चीख-पुकार सुनकर उसकी मां जोर-जोर से मदद के लिए चिल्लाने लगी। आवाज सुनते ही आसपास मौजूद व्यापारी और लोग मौके पर दौड़े और बड़ी मुश्किल से बच्चे को कुत्तों के चंगुल से छुड़ाया। हमले में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना के वायरल वीडियो ने शहर में आवारा कुत्तों के बढ़ते खतरे को लेकर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यापारी महेंद्र राजपुरोहित का कहना है कि जहां रोजाना हजारों लोगों की आवाजाही होती है और करोड़ों रुपये का कारोबार होता है, वहां आवारा कुत्तों का इस तरह घूमना बेहद खतरनाक साबित हो रहा है।
स्थानीय व्यापारियों और लोगों ने सूरत महानगर पालिका की डॉग कंट्रोल व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए रिंग रोड और मार्केट क्षेत्रों में आवारा कुत्तों के खिलाफ सख्त अभियान चलाने की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

