सूरत में एक ही परिवार के तीन सदस्यों ने की आत्महत्या, एक बेटी बचाई गई
सूरत, 25 फरवरी (हि.स.)। सूरत के पॉश वेसु क्षेत्र स्थित ‘हैप्पी एलिगेंस’ अपार्टमेंट में बुधवार सुबह एक ही परिवार के चार सदस्यों द्वारा सामूहिक आत्महत्या का मामला सामने आया। घटना में पति, पत्नी और एक नाबालिग बेटी की मौत हो गई, जबकि दूसरी बेटी को बचा लिया गया है और उसका उपचार जारी है।पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान बिहार मूल के बालमुकुंद के रूप में हुई है, जो पिछले दो वर्षों से सूरत में रहकर घर से शेयर बाजार का काम कर रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि परिवार ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ का सेवन किया।घटनास्थल से तीन पन्नों का सुसाइड नोट बरामद हुआ है। इसमें आत्महत्या के पीछे आर्थिक और मानसिक दबाव का उल्लेख किया गया है।सुसाइड नोट में वैभव रूंगटा नामक व्यक्ति पर बालमुकुंद की कार और क्रेडिट कार्ड हड़पने तथा कार्ड का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने इस संबंध में आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

