सूरत महानगर भाजपा के तीन दिवसीय प्रशिक्षण महाअभियान का शुभारंभ
- ग्रीनलैंड में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में शहर के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और संगठन के प्रमुख कार्यकर्ता ले रहे प्रशिक्षण
सूरत, 21 अगस्त (हि.स.)। सूरत महानगर भारतीय जनता पार्टी का पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत त्रिदिवसीय प्रशिक्षण शिविर का शुक्रवार को ग्रीनलैंड में भव्य शुभारंभ हुआ। शिविर में सूरत शहर भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं संगठन की अपेक्षित श्रेणी के पदाधिकारी प्रशिक्षणार्थी के रूप में शामिल हुए हैं।
प्रशिक्षण वर्ग के प्रथम सत्र का शुभारंभ प्रदेश महामंत्री एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के प्रदेश प्रभारी अनिरुद्धभाई दवे के हाथों हुआ। इसके पश्चात उन्होंने प्रशिक्षण स्थल पर लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया और उसकी सराहना की। प्रशिक्षण वर्ग का औपचारिक शुभारंभ उपस्थित अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इसके बाद प्रशिक्षण वर्ग के वली बलवंत सिंह गोहिल ने सभी प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण कार्यक्रम से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
‘कार्य विस्तार, संगठन का विस्तार और सुदृढ़ीकरण’ पर मार्गदर्शन
प्रथम सत्र में प्रदेश महामंत्री अनिरुद्धभाई दवे ने ‘कार्य विस्तार, संगठन का विस्तार और सुदृढ़ीकरण’ विषय पर प्रशिक्षणार्थियों को गहन एवं मार्गदर्शक संबोधन दिया। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने, कार्य के विस्तार तथा पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला।
प्रशिक्षण वर्ग के दूसरे सत्र में प्रदेश संगठन महामंत्री रत्नाकरजी वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने ‘हमारा सैद्धांतिक अधिष्ठान’ विषय पर प्रशिक्षणार्थियों को विस्तारपूर्वक मार्गदर्शन दिया।
प्रमुख पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि बने प्रशिक्षणार्थी
प्रथम सत्र की अध्यक्षता अनिमेषभाई माली ने की। इस अवसर पर गुजरात प्रदेश उपाध्यक्ष झंखनाबेन पटेल, सूरत शहर भाजपा अध्यक्ष परेशभाई पटेल, महामंत्री दुर्गाप्रसाद पांडे, वीरलभाई गिलीटवाला एवं करशनभाई गोंडलिया, सूरत महानगर की महापौर मायाबेन मावणी, पूर्व मंत्री मुकेशभाई पटेल एवं विनुभाई मोरडिया सहित विधायकगण प्रवीणभाई घोघारी, संगीता बेन पाटिल, संदीपभाई देसाई, अरविंदभाई राणा एवं मनुभाई पटेल प्रशिक्षणार्थी के रूप में उपस्थित रहे।
तीन दिनों तक चलेगा प्रशिक्षण
सूरत महानगर भाजपा संगठन की अपेक्षित श्रेणी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता लगातार तीन दिनों तक रात्रि प्रवास के साथ इस प्रशिक्षण शिविर में संगठनात्मक एवं वैचारिक विषयों पर सघन प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।
प्रशिक्षण वर्ग को सफल बनाने के लिए संयोजक शैलेषभाई पटेल, सह-संयोजक पार्थभाई माधाणी सहित पूरी व्यवस्थापन टीम द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। प्रशिक्षण महाअभियान के दौरान कुल 11 सत्रों में विभिन्न संगठनात्मक, वैचारिक एवं कार्यपद्धति से जुड़े विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

