home page

सूरत भाजपा ने मनाई डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती

 | 
सूरत भाजपा ने मनाई डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती


सूरत, 06 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी सूरत महानगर ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर उधना स्थित पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री एवं मध्य प्रदेश भाजपा के प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह तथा गुजरात भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित ठाकर ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन, विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से हुआ। भाजपा सूरत महानगर अध्यक्ष परेशभाई पटेल ने स्वागत भाषण देते हुए संगठन की कार्यशैली और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए।

विधायक अमित ठाकर ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने सत्ता से अधिक सिद्धांतों को महत्व दिया और राष्ट्रहित के लिए केंद्रीय मंत्रिपद तक का त्याग कर दिया। उन्होंने एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे के उनके ऐतिहासिक संकल्प को याद करते हुए कहा कि उन्होंने पद से अधिक पार्टी और राष्ट्र को प्राथमिकता दी।

मुख्य वक्ता डॉ. महेंद्र सिंह ने डॉ. मुखर्जी के छात्र जीवन, स्वतंत्रता आंदोलन में उनकी भूमिका, बंगाल की राजनीति, जनसंघ की स्थापना तथा जम्मू-कश्मीर के मुद्दे पर उनके संघर्ष का विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी एक महान शिक्षाविद, कुशल अधिवक्ता, प्रशासक और भारतीय जनसंघ के संस्थापक थे। कश्मीर में हिंदुओं की सुरक्षा और राष्ट्रीय एकता के मुद्दे पर मतभेद होने के कारण उन्होंने 8 अप्रैल 1950 को केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था।

कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता प्रदीपसिंह जाडेजा ने भी डॉ. मुखर्जी के राष्ट्र समर्पित जीवन और बलिदान को स्मरण करते हुए कार्यकर्ताओं से उनके विचारों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर पूर्व महापौर जगदीशभाई बलर, प्रदेश उपाध्यक्ष झंखनाबेन पटेल, विधायक प्रवीणभाई घोघारी, उपमहापौर सुधाकर चौधरी, दंडक उर्मिलाबेन त्रिपाठी, पूर्व विधायक वी.डी. झालावाडिया, भाजपा महामंत्री करसनभाई गोंडलिया, विरलभाई गिलिटवाला, दुर्गा प्रसाद पांडे सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे