home page

सूरत मनपा के सुमन स्कूलों ने मारी बाजी, कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम 92.60 प्रतिशत

 | 
सूरत मनपा के सुमन स्कूलों ने मारी बाजी, कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम 92.60 प्रतिशत


सूरत, 06 मई (हि.स.)। गुजरात बोर्ड की कक्षा 10 परीक्षा में इस वर्ष प्राइवेट स्कूलों के साथ-साथ सूरत महानगरपालिका संचालित सुमन हाईस्कूलों के विद्यार्थियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया है। आर्थिक रूप से कमजोर और मध्यम वर्गीय परिवारों के विद्यार्थियों के लिए शुरू की गई सुमन हाईस्कूलों का कुल परिणाम 92.60 प्रतिशत दर्ज किया गया है।

सूरत मनपा द्वारा संचालित सुमन हाईस्कूलों में गुजराती सहित छह भाषाओं में माध्यमिक शिक्षा दी जाती है। इस वर्ष गुजराती, मराठी, हिंदी और उड़िया माध्यम स्कूलों का परिणाम 90 प्रतिशत से अधिक रहा है। वहीं सुमन हाईस्कूल-13 डिंडोली और सुमन हाईस्कूल-18 पुणागाम ने 100 प्रतिशत परिणाम हासिल कर विशेष उपलब्धि दर्ज की है।

सूरत महानगरपालिका ने प्राथमिक शिक्षा के बाद आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण माध्यमिक शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सुमन हाईस्कूलों की शुरुआत की थी। आधुनिक शिक्षा व्यवस्था और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण के कारण इन स्कूलों का परिणाम लगातार बेहतर होता जा रहा है। वर्तमान में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में 29 सुमन हाईस्कूल संचालित किए जा रहे हैं।

शैक्षणिक वर्ष 2025-26 में आयोजित एसएससी बोर्ड परीक्षा में सुमन स्कूलों के 238 विद्यार्थियों ने ए-वन ग्रेड प्राप्त किया है। परिणाम घोषित होने के बाद स्कूल स्टाफ ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।

गौरतलब है कि इस वर्ष गुजरात बोर्ड का कुल परिणाम 83.86 प्रतिशत तथा सूरत जिले का परिणाम 86.04 प्रतिशत रहा, जबकि सुमन हाईस्कूलों का परिणाम इससे काफी बेहतर दर्ज हुआ।

माध्यमवार परिणाम इस प्रकार रहाः गुजराती माध्यम 91.82 प्रतिशत, मराठी माध्यम 93.71 प्रतिशत, हिंदी माध्यम 99.22 प्रतिशत, उड़िया माध्यम 97.24 प्रतिशत, उर्दू माध्यम 74.83 प्रतिशत और अंग्रेजी माध्यम 87.26 प्रतिशत रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे