home page

प्रतापनगर रेलवे स्टेशन की 146वीं वर्षगांठ पर स्टेशन महोत्सव आयोजित

 | 
प्रतापनगर रेलवे स्टेशन की 146वीं वर्षगांठ पर स्टेशन महोत्सव आयोजित


वडोदरा , 29 अक्टूबर (हि.स.)। पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल के प्रतापनगर रेलवे स्टेशन की 146वीं वर्षगांठ के अवसर पर गुरुवार, 29 अक्टूबर 2026 को स्टेशन महोत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान स्टेशन की ऐतिहासिक विरासत, नैरोगेज रेलवे लाइन और भारतीय रेल में इसके महत्व को प्रदर्शित करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।

भारतीय रेलवे देश के 103 ऐतिहासिक एवं विरासत वाले रेलवे स्टेशनों पर स्टेशन महोत्सव आयोजित कर रहा है। इस पहल के तहत पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल के प्रतापनगर, आणंद और नडियाद स्टेशनों को भी नामित किया गया है।

मंडल रेल प्रबंधक राजू भडके के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत हेरिटेज पार्क में भ्रमण, फ्लैग मार्च और उत्सव के गुब्बारे उड़ाकर की गई। इस वर्ष महोत्सव की थीम ‘नैरोगेज हेरिटेज लाइन, गोया गेट से प्रतापनगर तक का सफर’ रखी गई। कार्यक्रम का संचालन मंडल यांत्रिक इंजीनियर अनिल कुमार ने किया।

हेरिटेज पार्क में देखी ऐतिहासिक धरोहर

प्रतापनगर स्टेशन के इतिहास और स्थापत्य विरासत को प्रदर्शित करने के लिए बनाए गए रोलिंग स्टॉक पार्क का अतिथियों ने भ्रमण किया। यहां सैलून 700, टर्न टेबल, क्रेन, रोलर और नैरोगेज रेलवे से जुड़े अन्य ऐतिहासिक उपकरणों को देखा गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने हेरिटेज ट्रेन की सवारी का भी आनंद लिया।

कार्यक्रम में नगर आयुक्त अरुण महेश बाबू, गति शक्ति विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर मनोज चौधरी, विश्वविद्यालय के डीन प्रोफेसर प्रदीप गर्ग, रेलवे अधिकारी, कर्मचारी और शहर के गणमान्य नागरिक शामिल हुए।

पश्चिम रेलवे की स्काउट्स एंड गाइड्स टीम, सिविल डिफेंस और रेलवे सुरक्षा बल ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। स्कूली बच्चों और अन्य उपस्थित लोगों ने रेलवे संग्रहालय में प्रदर्शित ऐतिहासिक छायाचित्रों तथा विरासत से जुड़े उपकरणों का अवलोकन किया।

उत्कृष्ट रेलकर्मी सम्मानित

महोत्सव के समापन पर प्रतापनगर ऑडिटोरियम में समर्पण और उत्कृष्ट कार्य करने वाले रेल कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। महोत्सव का उद्देश्य प्रतापनगर स्टेशन की ऐतिहासिक पहचान और रेलवे की विरासत को नई पीढ़ी तक पहुँचाना रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे