दिवाली और छठ पूजा पर उत्राण-खातीपुरा के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन, चार फेरे लगाएगी
वड़ोदरा, 06 नवंबर (हि.स.)। दिवाली और छठ पूजा के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ और मांग को देखते हुए पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल द्वारा गुजरात के उत्राण और राजस्थान के खातीपुरा स्टेशन के बीच विशेष किराए पर स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। इस ट्रेन के दोनों दिशाओं में कुल चार फेरे निर्धारित किए गए हैं, ताकि त्योहार के दौरान यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिल सके।
पश्चिम रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी खेमराज मीना के बयान के अनुसार ट्रेन संख्या 09131 उत्राण-खातीपुरा स्पेशल प्रत्येक सोमवार को उत्राण से दोपहर 2:15 बजे रवाना होगी और अगले दिन मंगलवार सुबह 10 बजे खातीपुरा पहुंचेगी। यह ट्रेन 9 और 16 नवंबर 2026 को चलेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 09132 खातीपुरा-उत्राण स्पेशल प्रत्येक मंगलवार को खातीपुरा से दोपहर 12:40 बजे रवाना होगी और अगले दिन बुधवार सुबह 6:40 बजे उत्राण पहुंचेगी। यह ट्रेन 10 और 17 नवंबर 2026 को संचालित होगी।
दोनों दिशाओं में यह ट्रेन अंकलेश्वर, भरूच, वडोदरा, गोधरा, दाहोद, रतलाम जंक्शन, मंदसौर, नीमच, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, बिजयनगर, नसीराबाद, अजमेर, किशनगढ़ और जयपुर स्टेशनों पर ठहरेगी।
ट्रेन में एसी द्वितीय श्रेणी, एसी तृतीय श्रेणी, शयनयान और द्वितीय श्रेणी के सामान्य कोच उपलब्ध रहेंगे। ट्रेन संख्या 09131 के लिए अग्रिम आरक्षण सभी यात्री आरक्षण केंद्रों (पीआरएस) और आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर शुरू हो चुका है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

