सच्चे नेतृत्व की पहचान पुरस्कारों से नहीं, योगदान से होती है : विजेंद्र गुप्ता
नई दिल्ली, 28 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि सच्चे नेतृत्व की पहचान हमें मिलने वाले पुरस्कारों से नहीं, बल्कि दूसरों के जीवन, संस्थाओं व समाज में हमारे सकारात्मक योगदान से होती है। यह बात विजेंद्र गुप्ता ने इंस्टीट्यूट ऑफ कंपनी सेक्रेटरीज ऑफ इंडिया (आईसीएसआई) द्वारा आयोजित प्रथम यूथ बोर्ड मीटिंग (वाईबीएम) प्रतियोगिता 2026 के राष्ट्रीय चरण को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए कही। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों की छात्र टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता ने युवाओं को अपने नेतृत्व कौशल, कॉरपोरेट गवर्नेंस की समझ, रणनीतिक सोच और निर्णय लेने की क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान किया। इस अवसर पर अध्यक्ष ने विजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान किए और सभी प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी।
प्रतिभागियों को बधाई देते हुए विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि राष्ट्रीय चरण तक पहुंचना अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। यह उनकी मेहनत, टीम भावना, लगन और उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने इस दूरदर्शी पहल के लिए आईसीएसआई की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव भी प्रदान करती है। इसके माध्यम से युवा कॉरपोरेट बोर्ड की कार्यप्रणाली, महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा और जिम्मेदारी के साथ निर्णय लेने की प्रक्रिया को समझते हैं।
विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि देश को ऐसे युवाओं की आवश्यकता है जो नवाचार और रणनीतिक सोच के साथ ईमानदारी, जवाबदेही और सामाजिक जिम्मेदारी के मूल्यों को भी अपनाएं। विधायी संस्थाओं और कॉरपोरेट बोर्डरूम की कार्यप्रणाली में समानता बताते हुए उन्होंने कहा कि दोनों ही स्थानों पर संवाद, अलग-अलग विचारों का सम्मान, पारदर्शिता और सामूहिक सोच के आधार पर निर्णय लिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि नेतृत्व केवल अधिकार का नाम नहीं है, बल्कि दूसरों की बात सुनने, सहमति बनाने और संस्था एवं समाज के व्यापक हित में निर्णय लेने की क्षमता है। यूथ बोर्ड मीटिंग प्रतियोगिता युवाओं में इन्हीं गुणों को विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए विजेंद्र गुप्ता ने श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स में अपने विद्यार्थी जीवन और दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ के उपाध्यक्ष के रूप में अपनी भूमिका को याद किया। उन्होंने बताया कि छात्र राजनीति और जमीनी स्तर पर कार्य करने से शुरू हुई उनकी यात्रा उन्हें पार्षद, विधायक और आज दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष के पद तक लेकर आई है। युवाओं को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि सफलता इस बात से तय नहीं होती कि हमारी शुरुआत कहां से हुई, बल्कि यह हमारी मेहनत, अनुशासन, ईमानदारी और लगातार सीखते रहने की इच्छा पर निर्भर करती है। उन्होंने पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि वे अपनी सफलता को मंजिल नहीं, बल्कि एक नई यात्रा की शुरुआत मानें। वहीं, अन्य प्रतिभागियों को भी उन्होंने याद दिलाया कि हर प्रतियोगिता और चुनौती हमें कुछ नया सिखाती है और आगे बढ़ने का अवसर देती है।
विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि नेतृत्व एक ऐसा दायित्व है, जिसके साथ जिम्मेदारी भी जुड़ी होती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाले युवा भविष्य में कॉरपोरेट जगत के नेतृत्वकर्ता, कंपनी सचिव, उद्यमी, नीति निर्माता और मजबूत संस्थाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने युवाओं से ईमानदारी, अच्छे चरित्र और सेवा भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा, “पुरस्कार उत्कृष्टता को पहचान देते हैं, लेकिन चरित्र उसे बनाए रखता है। सीखते रहें, नेतृत्व करते रहें और ईमानदारी एवं उद्देश्य के साथ राष्ट्र की सेवा करते रहें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

