मंत्री इंद्राज को शाहबाद डेरी की महिलाओं ने बांधी राखी
नई दिल्ली, 23 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन को लेकर बवाना विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पुठ खुर्द गांव में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें शाहबाद डेरी क्षेत्र की सैकड़ों महिलाओं ने दिल्ली के समाज कल्याण मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह को राखी बांधी और उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर मंत्री इंद्रज सिंह ने कहा कि शाहबाद डेरी की बहनों से राखी बंधवाकर उनका स्नेह, अपनत्व और आशीर्वाद प्राप्त करना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। बहनों का प्रेम और विश्वास इस पावन अवसर को विशेष बनाता है और जनसेवा के प्रति हमारे संकल्प को और मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन भारतीय संस्कृति में भाई-बहन के बीच प्रेम, विश्वास और आत्मीय संबंधों की मजबूती का प्रतीक है। यह पर्व केवल एक-दूसरे के प्रति स्नेह व्यक्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि सम्मान, जिम्मेदारी और आवश्यकता के समय एक-दूसरे के साथ खड़े रहने की भावना को भी मजबूत करता है। बदलते सामाजिक परिवेश में ऐसे पर्व आपसी सद्भाव, सामाजिक एकजुटता और परिवार एवं समाज में सम्मान की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह ने आगे कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के स्नेह का पर्व होने के साथ-साथ आपसी सम्मान, सामाजिक समरसता और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की प्रत्येक बहन के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए निरंतर समर्पित रहना उनका संकल्प है।
इस कार्यक्रम में यूनाइटेड हिन्दू फ्रंट के अंतर्राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष, राष्ट्रवादी शिवसेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता जय भगवान गोयल मौजूद रहे। साथ ही बड़ी संख्या में क्षेत्र की बहनों एवं स्थानीय नागरिकों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में भाई-बहन के स्नेह के साथ-साथ सामाजिक समरसता, आपसी सम्मान और जनभागीदारी का संदेश दिया गया।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

