home page

भाजपा में सेंस प्रक्रिया पूरी; नए नियमों से कई दावेदारों के टिकट कटेंगे, बाहरी उम्मीदवारों को मौका नहीं

 | 
भाजपा में सेंस प्रक्रिया पूरी; नए नियमों से कई दावेदारों के टिकट कटेंगे, बाहरी उम्मीदवारों को मौका नहीं


गांधीनगर, 03 अप्रैल (हि.स.)। गुजरात में स्थानीय स्वराज्य की घोषित चुनाव तिथियों के बाद सभी राजनीतिक दलों ने उम्मीदवार चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हर पार्टी अपने-अपने तरीके से यह प्रक्रिया आगे बढ़ा रही है। इस बीच सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस बार उम्मीदवार चयन के मानदंड पहले से अधिक कड़े कर दिए हैं, जिसके चलते बड़ी संख्या में दावेदारों के टिकट कटने की स्थिति बन गई है।

भाजपा द्वारा पिछले दो दिनों से चल रही “सेंस प्रक्रिया” आज देर शाम पूरी कर ली गई है। अब संभावना जताई जा रही है कि जल्द ही या कल तक समन्वय समिति की बैठक बुलाई जा सकती है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, इस बार “आयातित” यानी बाहरी उम्मीदवारों को मौका न मिले, इसके लिए विशेष सावधानी बरती गई है। मुख्य शर्त यह रखी गई है कि उम्मीदवार कम से कम पिछले तीन वर्षों से पार्टी के लिए सक्रिय रूप से कार्यरत हो।

इसके अलावा उम्मीदवार की उम्र 60 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। सांसद, विधायक या पदाधिकारी के परिवार के सदस्यों को टिकट नहीं दिया जाएगा। साथ ही सोशल मीडिया पर अच्छी पकड़ और फॉलोअर्स होना भी एक महत्वपूर्ण मानदंड रखा गया है। इन शर्तों के कारण बड़ी संख्या में दावेदारों की उम्मीदें अधूरी रह सकती हैं।

सेंस प्रक्रिया में शामिल कुछ दावेदारों के बीच यह चर्चा भी रही कि यह प्रक्रिया केवल औपचारिकता हो सकती है और उम्मीदवारों के नाम पहले से ही तय किए जा चुके होंगे। ऐसे में जिन्हें टिकट मिलना है, उन्हें पहले से ही तैयारी के संकेत दे दिए गए होंगे। आधिकारिक घोषणा के बाद उन्हें केवल पार्टी का दुपट्टा पहनकर प्रचार में जुटना होगा।

पार्टी नेतृत्व सेंस में शामिल कार्यकर्ताओं और दावेदारों की चुनाव के दौरान की गतिविधियों पर भी नजर रखेगा। भाजपा के अलावा कांग्रेस और आम आदमी पार्टी भी उम्मीदवार चयन की प्रक्रिया को जल्द पूरा करने की तैयारी में जुटी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे