home page

अहमदाबाद के कालीगाम रेलवे यार्ड में साबरमती एक्सप्रेस के कोच में लगी आग, हादसा टला

 | 
अहमदाबाद के कालीगाम रेलवे यार्ड में साबरमती एक्सप्रेस के कोच में लगी आग, हादसा टला


अहमदाबाद, 14 जुलाई (हि.स.)। अहमदाबाद के कालीगाम रेलवे यार्ड में खड़ी साबरमती एक्सप्रेस के एक यात्री कोच में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही यार्ड परिसर में अफरा-तफरी मच गई और आसमान में धुएं का गुबार दिखाई देने लगा।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत और लगातार पानी की बौछार के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से इसे अन्य कोच और ट्रेनों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।

राहत की बात यह रही कि घटना के समय ट्रेन कालीगाम यार्ड में खड़ी थी और कोच में कोई यात्री सवार नहीं था। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, घटना में किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है। यार्ड में खड़े कोच में आग लगने का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए रेलवे विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, कोच को शंटिंग के लिए यार्ड में रखा गया था। इसी दौरान शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य कारण से उसमें अचानक आग लग गई। फिलहाल रेलवे विभाग घटना की विस्तृत जांच कर रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे