home page

ऑपरेशन अमानत के तहत आरपीएफ ने विदेशी महिला को लौटाया 3.60 लाख का सामान

 | 
ऑपरेशन अमानत के तहत आरपीएफ ने विदेशी महिला को लौटाया 3.60 लाख का सामान


वडोदरा, 12 मई (हि.स.)। वडोदरा मंडल की रेल सुरक्षा बल की टीम ने “ऑपरेशन अमानत” के माध्यम से मडगांव–निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस में यात्रा कर रही एक विदेशी महिला के लगभग 3,60,000 रुपये मूल्य के खोए एवं छूटे सामान को सुरक्षित लौटाकर मानवता, संवेदनशीलता और सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।

पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अनुभव सक्सेना द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार रेल यात्रा के दौरान अक्सर यात्री जल्दबाजी में अपना सामान भूल जाते हैं, लेकिन ऐसे समय में वडोदरा मंडल का रेलवे सुरक्षा बल का संवेदनशील और जिम्मेदार व्यवहार यात्रियों के विश्वास को और मजबूत करता है। वडोदरा मंडल की रेल सुरक्षा बल की टीम ने एक बार फिर “ऑपरेशन अमानत” के तहत अपनी सजगता और ईमानदारी का परिचय दिया है।

सक्सेना ने बताया कि बीते 11 मई को वडोदरा मंडल के रेल सुरक्षा बल कंट्रोल रूम से प्राप्त सूचना पर सहायक उप निरीक्षक मूलचन्द वर्मा एवं महिला कांस्टेबल अंजू यादव ने गाड़ी संख्या 22413 मडगांव–निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस के फर्स्ट एसी कोच को अटेंड किया। जांच के दौरान उन्हें वहां यात्री द्वारा छूटा हुआ बहुमूल्य सामान सुरक्षित अवस्था में मिला।

कुछ समय बाद रूसी नागरिक यात्री सुश्री लाकोवलेवा ल्युबाॅब रेल सुरक्षा बल पोस्ट पर पहुंचीं। जहां उनके यात्रा टिकट एवं पासपोर्ट के सत्यापन के बाद उन्हें उनका सामान सही-सलामत सुपुर्द किया गया। अपने कीमती सामान को सुरक्षित वापस पाकर यात्री भावुक हो उठीं और उन्होंने वडोदरा मंडल के रेल सुरक्षा बल की टीम का हृदय से आभार व्यक्त किया।

यात्री के अनुसार सामान की कुल अनुमानित कीमत लगभग ₹3,60,000 थी, जिसमें तीन लैपटॉप, चार लगेज बैग तथा दो डॉग कार्टून बॉक्स शामिल थे।

वडोदरा मंडल की आरपीएफ टीम लगातार “ऑपरेशन अमानत” के माध्यम से यात्रियों के खोए एवं छूटे सामान को सुरक्षित लौटाकर न केवल अपनी जिम्मेदारी निभा रही है बल्कि मानवता, संवेदनशीलता और सेवा भावना का भी उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे