home page

दिवाली-छठ पर यात्रियों को राहत की तैयारी, उत्राण स्टेशन बनेगा लंबी दूरी की ट्रेनों का नया विकल्प

 | 

सूरत, 29 अक्टूबर (हि.स.)। वडोदरा मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अनुभव सक्सेना द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार इस पहल से सूरत और उधना स्टेशनों पर यात्रियों का दबाव कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही, उत्तर, पश्चिम और पूर्वी भारत की ओर जाने वाले यात्रियों को उत्राण स्टेशन से भी हॉलिडे स्पेशल ट्रेनें पकड़ने का विकल्प मिल सकेगा।

इस सुविधा का विशेष लाभ भरूच और अंकलेश्वर क्षेत्र में रहने वाले प्रवासी यात्रियों को मिलने की उम्मीद है। लंबी दूरी की कुछ विशेष ट्रेनों के लिए उन्हें सूरत या उधना स्टेशन तक जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। इससे यात्रा अधिक सुविधाजनक होगी और प्रमुख स्टेशनों पर भीड़ का प्रबंधन बेहतर ढंग से किया जा सकेगा।

600 मीटर लंबा प्लेटफॉर्म तैयार

लंबी दूरी की ट्रेनों के परिचालन के लिए उत्राण स्टेशन के बुनियादी ढांचे का विस्तार किया जा रहा है। इसके तहत पुराने, कम लंबाई वाले प्लेटफॉर्म को हटाकर स्टेशन के उत्तरी हिस्से में लगभग 600 मीटर लंबा नया प्लेटफॉर्म बनाया गया है। यह करीब 22 कोच वाली लंबी दूरी की ट्रेनों के ठहराव और परिचालन के लिए उपयोगी होगा।

इसके अलावा, प्लेटफॉर्म नंबर 3 और 4 की लंबाई बढ़ाने का काम भी जारी है। इन कार्यों के पूरा होने पर स्टेशन पर चार पूर्ण लंबाई वाले प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति होगी।

दिवाली और छठ के दौरान यात्रियों की संख्या बढ़ने पर यह व्यवस्था वैकल्पिक बोर्डिंग सुविधा देने में सहायक होगी। इससे सूरत क्षेत्र में रेल परिचालन क्षमता मजबूत होने और यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे