गुजरात में प्री-मानसून बारिश तेज, तापी-नर्मदा में रेड अलर्ट
गांधीनगर, 24 जून (हि.स.)।
गुजरात में मानसून की आधिकारिक एंट्री से पहले प्री-मानसून बारिश ने रफ्तार पकड़ ली है।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में राज्य के 29 तालुकाओं में हल्की से मध्यम तथा कुछ स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई है।
मौसम विभाग ने ताजा चेतावनी जारी करते हुए अगले तीन घंटों के लिए तापी और नर्मदा जिलों में रेड अलर्ट घोषित किया है। वहीं डांग, छोटा उदयपुर, भरूच, सूरत, नवसारी, वलसाड तथा केंद्र शासित प्रदेश दमन एवं दादरा नगर हवेली में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
बारिश के आंकड़ों के अनुसार नर्मदा जिले के सागबारा में 1.77 इंच, डांग जिले के सुबीर में 1.57 इंच तथा आहवा में 0.71 इंच वर्षा दर्ज की गई। वहीं तापी जिले के उच्छल में 0.39 इंच और नर्मदा के चिकदा क्षेत्र में 0.16 इंच बारिश हुई।
मौसम विभाग के अनुसार सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे के बीच दक्षिण गुजरात के कई हिस्सों में तेज बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना बनी हुई है। नागरिकों को आवश्यक सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक बारिश वलसाड जिले के उमरगाम में 4.33 इंच दर्ज की गई, जबकि डांग के आहवा में 3.07 इंच बारिश हुई। इसके अलावा राजकोट के गोंडल में 2.13 इंच, वलसाड के कपराडा में 1.46 इंच, वापी में 1.42 इंच तथा तापी के उकाई में 1.10 इंच वर्षा रिकॉर्ड की गई।
हालांकि गुजरात में अभी मानसून की आधिकारिक दस्तक बाकी है, लेकिन प्री-मानसून बारिश ने कई क्षेत्रों में मौसम को सुहावना बना दिया है। मौसम विभाग ने आने वाले घंटों में दक्षिण गुजरात के कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

