गुजरात के 10 जिलों में अत्यंत भारी बारिश का रेड अलर्ट, आठ जिलों में नारंगी चेतावनी
गांधीनगर, 13 सितंबर (हि.स.)। गुजरात में रविवार सुबह से ही बारिश का दौर जारी है। राज्य के दक्षिण और पूर्व-मध्य हिस्सों में अत्यंत भारी बारिश की आशंका को देखते हुए रेड और ऑरेंज चेतावनी जारी की गई है।
राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (एसईओसी) के आंकड़ों के अनुसार, रविवार सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक केवल 6 घंटे में राज्य की करीब 126 तहसीलों में बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने शाम 4 बजे तक के लिए ताजा पूर्वानुमान जारी करते हुए राज्य में भारी बारिश की चेतावनी दी है। वडोदरा, छोटा उदेपुर, भरूच, नर्मदा, सूरत, वलसाड, नवसारी, डांग, तापी तथा केंद्रशासित प्रदेश दादरा और नगर हवेली में बिजली की गरज और तेज हवाओं के साथ अत्यंत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है।
मध्य गुजरात और सौराष्ट्र के दाहोद, पंचमहल, आणंद, जूनागढ़, राजकोट, बोटाद, अमरेली और भावनगर में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए नारंगी चेतावनी जारी की गई है।
वहीं, अहमदाबाद, गांधीनगर समेत राज्य के अन्य जिलों में पीली चेतावनी जारी की गई है। इन क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज बारिश के दौर की संभावना जताई गई है।
प्रशासन ने भारी बारिश की स्थिति को देखते हुए निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

