रेंज रोवर कार डिवाइडर से टकरायी, दो युवकों की मौत
राजकोट, 27 सितंबर (हि.स.)। गुजरात के राजकोट से राजस्थान की ओर जा रही रेंज रोवर कार आज तड़के भारतमाला हाइवे पर थराद के समीप एक पशु को बचाने के प्रयास में डिवाइडर से टकराकर भीषण हादसे का शिकार हो गई। इस हादसे में कार सवार तीन युवकों में से दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
यह हादसा तडके करीब 4:00 से 4:15 बजे के बीच थराद-डीसा हाइवे पर मालपुर के पास हुआ। गुजरात नंबर की रेंज रोवर कार राजस्थान की ओर जा रही थी। इसी दौरान कार एक पशु को बचाने की कोशिश में डिवाइडर से टकरा गयी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के छोटे-छोटे टुकड़े और कार सवार लोगों के मांस के लोथड़े सड़क पर बिखर गए।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस की टीम ने तीनों युवकों को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकीय जांच के दौरान अमरेली निवासी दिव्यजीत और राजकोट निवासी युवराज सिंह को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं राजकोट निवासी हरदीपसिंह जीवित मिले और उनका तत्काल उपचार शुरू किया गया। बाद में उनकी हालत को देखते हुए उन्हें आगे के इलाज के लिए अहमदाबाद रेफर किया गया।
थराद सरकारी अस्पताल के डॉ. कुणाल मालोसरिया ने बताया कि सुबह करीब 4:00 से 4:15 बजे के बीच भारतमाला हाइवे पर हुए हादसे के बाद 108 की टीम तीन लोगों को अस्पताल लेकर आई थी। चिकित्सकीय जांच के दौरान दो युवकों को मृत घोषित किया गया, जबकि हरदीपसिंह नामक युवक जीवित मिले और उनका उपचार शुरू किया गया। बाद में उन्हें बेहतर इलाज के लिए अहमदाबाद रेफर कर दिया गया।
बनासकांठा जिला कांग्रेस प्रमुख गुलाब सिंह राजपूत ने हादसे पर प्रतिक्रिया देते हुए वाहन चालकों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार देश में सुरक्षित मार्ग उपलब्ध कराने के साथ-साथ अमृतसर-जामनगर हाइवे पर पशुओं के प्रवेश को रोकने तथा वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी ले। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के अभाव में इस मार्ग पर बार-बार गंभीर दुर्घटनाएं हो रही हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

