सूरत में राज्यसभा सांसद गोपीकृष्ण बाेले-प्रधानमंत्री मोदी की नजर हर कार्यकर्ता पर रहती है
सूरत, 16 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के लिए निर्वाचित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद और वरिष्ठ नेता गोपीकृष्ण पांडे के सूरत आगमन पर उत्तर भारतीय समाज और भाजपा कार्यकर्ताओं ने गुरुवार रात उनका जोरदार स्वागत किया।
गुजरात प्रभारी तथा राष्ट्रीय किसान मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी निभा चुके कानपुर निवासी पांडे का सूरत के किसान मोर्चा से जुड़े कार्यकर्ताओं और पुराने सहयोगियों के साथ विशेष जुड़ाव रहा है। उनके आगमन पर शहर में विभिन्न स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें भाजपा पदाधिकारियों, उत्तर भारतीय समाज के प्रतिनिधियों और सामाजिक अग्रणियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सूरत में स्वागत का पहला प्रमुख कार्यक्रम पांडेसरा स्थित आकाश भूमि अपार्टमेंट में आयोजित किया गया। उत्तर भारतीय समाज की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व अजय सिंह, भगवती दुबे और रंजीत मिश्रा ने किया। इस दौरान समाज के अनेक अग्रणियों ने गोपीकृष्ण पांडे का भव्य स्वागत किया।
इसके बाद सूरत महानगर भाजपा कार्यालय में उनके सम्मान में स्वागत समारोह किया गया। इसमें शहर भाजपा के पदाधिकारियों के साथ उत्तर भारतीय समाज के पार्षद, पूर्व पार्षद और सामाजिक अग्रणी उपस्थित रहे। यहां पांडे का भव्य स्वागत किया गया।
भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए गोपीकृष्ण पांडे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नजर देश के प्रत्येक कार्यकर्ता पर रहती है। कई बार कार्यकर्ताओं को लगता है कि उनके काम और उनकी बात शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचती है या नहीं, लेकिन पार्टी का नेतृत्व संगठन के लिए किए जा रहे कार्यों और समर्पण को लगातार देखता है।
उन्होंने अपने राजनीतिक सफर का उल्लेख करते हुए कहा कि वे प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न पदों पर जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। इसके बावजूद जब राज्यसभा के लिए उनके नाम की घोषणा हुई, तो कई लोगों को आश्चर्य हुआ। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शी सोच और कार्यकर्ताओं के योगदान को पहचानने की क्षमता का उदाहरण बताया।
पांडे ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे बिना किसी पद या पुरस्कार की अपेक्षा किए निरंतर संगठन के लिए काम करते रहें। पार्टी को अपनी पहली प्राथमिकता बनाकर पूरी निष्ठा से काम करने वाले कार्यकर्ताओं के योगदान को संगठन उचित समय पर अवश्य पहचानता है।
उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की कार्यशैली का उल्लेख करते हुए कहा कि वे भी कार्यकर्ताओं के काम और संगठन के प्रति उनके समर्पण पर ध्यान देते हैं। इसलिए कार्यकर्ताओं को तत्काल परिणाम की चिंता किए बिना अपने दायित्वों का निर्वहन करते रहना चाहिए। आज नहीं तो कल, संगठन उनकी मेहनत और निष्ठा का सम्मान जरूर करेगा।
अफवाहों से दूर रहें उत्तर भारतीय समाज के लोग
अपने संबोधन में गोपीकृष्ण पांडे ने यूजीसी से जुड़े मुद्दे पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि इस विषय को लेकर फैलाए जा रहे कथित गलत संदेशों और अफवाहों से लोगों को सावधान रहना चाहिए। उत्तर प्रदेश की राजनीतिक स्थिति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वहां बड़ी संख्या में लोग भारतीय जनता पार्टी के साथ हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा के खिलाफ व्यापक विरोध की धारणा बनाने के लिए गलत सूचनाएं फैलाई जा रही हैं। उन्होंने समाजवादी पार्टी के विधायकों के भाजपा में शामिल होने का उल्लेख करते हुए इसे भाजपा की लोकप्रियता, विकास कार्यों और कार्यशैली का परिणाम बताया। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी भी जानकारी पर विश्वास करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करें।
कार्यक्रम में गोपीकृष्ण पांडे ने सूरत शहर भाजपा के महामंत्री करसन भाई गोंडलिया के साथ अपने पुराने संगठनात्मक अनुभव भी साझा किए। उन्होंने बताया कि जब वे गुजरात में किसान मोर्चा के प्रभारी थे, उस समय करसन भाई राष्ट्रीय किसान मोर्चा की टीम में शामिल थे। उनके कार्यों को उन्होंने करीब से देखा था।
इस अवसर पर शहर भाजपा के महामंत्री दुर्गा प्रसाद पांडे और वीरल भाई गिलिटवाला भी उपस्थित रहे। उत्तर भारतीय समाज की ओर से पार्षद सुधा पांडे, पूर्व पार्षद जयप्रकाश सिंह और पूर्व पार्षद बंसू भाई यादव सहित समाज के अनेक वरिष्ठ अग्रणियों ने कार्यक्रम में भाग लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

