भारतीय समाज मां पर उपहास की राजनीति स्वीकार नहीं कर सकता : रेखा गुप्ता
नई दिल्ली, 20 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि मां के अपमान पर हंसकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपने राजनीतिक संस्कार पूरे देश के सामने रख दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया एक्स पर रविवार को पोस्ट करते हुए कहा कि राजनीति में विरोध हो सकता है, वैचारिक मतभेद हो सकते हैं, तीखे प्रहार भी हो सकते हैं लेकिन किसी की दिवंगत मां पर अमर्यादित टिप्पणी और उस पर उपहास की राजनीति को भारतीय समाज कभी स्वीकार नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की स्वर्गीया माताजी को राजनीति में घसीटना और अपमानजनक टिप्पणी पर हंसना किस राजनीतिक संस्कृति का परिचय है?
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि एक सार्वजनिक मंच से दुनिया भर की मां का उपहास उड़ाना और उस पर खिलखिलाकर हंसना साफ दिखाता है कि सोनिया गांधीजी ने अपने बेटे को कैसे संस्कार दिए हैं। उन्होंने कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री मोदी हैं जो दुनिया भर में भारतीय संस्कृति और मातृशक्ति का मान बढ़ा रहे हैं, वहीं राहुल गांधी युवाओं के मंच से मां के अपमान को बढ़ावा देकर अपनी ओछी मानसिकता दर्शा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

