गुजरात में मानसून फिर सक्रिय, दक्षिण गुजरात में ऑरेंज, 17 जिलों में येलो अलर्ट
अहमदाबाद, 18 जुलाई (हि.स.)। गुजरात में मानसून का एक और दौर शुरू हो गया है। राज्य के 36 तहसीलों में बारिश दर्ज की गई, जिसमें वलसाड जिले के धरमपुर में सबसे अधिक एक इंच वर्षा हुई। मौसम विभाग ने दक्षिण गुजरात के कई जिलों में अगले तीन घंटे तक भारी बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार नवसारी, वलसाड, दमन और दादरा एवं नगर हवेली में गरज-चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। वहीं छोटा उदयपुर, नर्मदा, सूरत, भरूच, वडोदरा, आनंद, अहमदाबाद, गांधीनगर, साबरकांठा, मेहसाणा, सुरेंद्रनगर, बोटाद, भावनगर, अमरेली, राजकोट, जूनागढ़ और गिर सोमनाथ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। साथ ही मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है।
अमरेली जिले में एक बार फिर बारिश का दौर शुरू हो गया है। राजुला शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। हिण्डोरणा, भेराई, कड़ियाली और पीपावाव धाम सहित कई इलाकों में बारिश होने से किसानों के चेहरे खिल उठे। लाठी शहर में भी बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली।
वलसाड शहर और जिले के कई हिस्सों में भी मानसून के दूसरे चरण की बारिश शुरू होने से लोगों में खुशी का माहौल है। गिर सोमनाथ के ऊना क्षेत्र में भी मौसम ने करवट ली जबकि जामनगर जिले के जामजोधपुर तहसील के बुटावदर गांव में अच्छी बारिश होने से किसानों में उत्साह देखा गया।
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और मानसून ट्रफ सक्रिय हैं, जिसके कारण राज्य के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी। अहमदाबाद में भी आज हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
हालांकि, इस वर्ष अब तक गुजरात में सामान्य से कम बारिश हुई है। द्वारका में अब तक सामान्य 233 मिमी के मुकाबले केवल 8.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जो सामान्य से 96 प्रतिशत कम है। वहीं अहमदाबाद में सामान्य 227 मिमी के मुकाबले 115 मिमी बारिश हुई है, जो 47 प्रतिशत कम है।
पूरे राज्य की बात करें तो अब तक सामान्य 255.7 मिमी वर्षा के मुकाबले केवल 137 मिमी बारिश दर्ज की गई है। यानी गुजरात में अब तक औसतन 32 प्रतिशत कम वर्षा हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

