home page

रोहिणी फायरिंग मामले में युवक गिरफ्तार

 | 
रोहिणी फायरिंग मामले में युवक गिरफ्तार


नई दिल्ली, 16 सितंबर (हि.स.)। रोहिणी के केएन काटजू मार्ग इलाके में युवक से झगड़े के बाद फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है, जबकि दो नाबालिगों को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल देसी कट्टा और फायर किया हुआ कारतूस बरामद किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान सेक्टर-26, रोहिणी निवासी शांतनु (18) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, उसका पहले भी लूट के दो मामलों में शामिल होना सामने आया है।

पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर को केएन काटजू मार्ग थाने में बंगाली बस्ती पुनर्वास कॉलोनी, सेक्टर-26 में फायरिंग की पीसीआर कॉल मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो शिकायतकर्ता ने बताया कि तीन युवकों ने उसके भांजे अर्जुन और उसके दोस्तों से झगड़ा किया। इसी दौरान आरोपितों में से एक ने कथित तौर पर गोली चला दी।

मामले में एफआईआर नंबर 319/26, धारा 109, 125, 3(5) बीएनएस और 27 आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। मौके पर मोबाइल क्राइम टीम और एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए और घटनास्थल की जांच की गई।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एक टीम बनाई। एसीपी प्रशांत विहार आरपी मीणा की निगरानी में टीम ने तकनीकी निगरानी और स्थानीय सूचना के आधार पर आरोपितों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को शांतनु के बारे में सुराग मिला, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके साथ दो नाबालिगों को भी पकड़ा गया। पुलिस ने उनके पास से वारदात में इस्तेमाल देसी कट्टा और फायर किया हुआ कारतूस बरामद किया।

पूछताछ में पुलिस को पता चला कि शांतनु की अर्जुन से पहले से रंजिश थी। पुलिस के मुताबिक, इसी रंजिश के चलते विवाद हुआ और कथित तौर पर फायरिंग की गई। पुलिस मामले में हथियार के स्रोत और घटना में शामिल अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव