अभिनेत्री निमरत कौर ने किया पोरबंदर का दौरा, वेलनेस स्टूडियो में शिरकत की
पोरबंदर, 07 मई (हि.स.)। बॉलीवुड की अभिनेत्री निमरत कौर ने बुधवार को पोरबंदर का दौरा किया। सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत के लिए पोरबंदर शहर में उनकी मौजूदगी से कला और स्वास्थ्य प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
‘एयरलिफ्ट’, द लंचबॉक्स और द फैमिली मैन जैसी चर्चित फिल्मों और वेब सीरीज़ में अपने दमदार अभिनय से पहचान बना चुकी निमरत कौर ने पोरबंदर स्थित अत्याधुनिक “रेयर वेलनेस स्टूडियो” की शुभेच्छा मुलाकात की। स्टूडियो पहुंचने पर पूर्व कैबिनेट मंत्री बाबू बोखीरीया के पुत्र एवं एमबीबीएस चिकित्सक डॉ आकाश राजशाखा तथा उनकी पत्नी तथा स्किन स्पेशलिस्ट डॉ. राजवी राजशाखा ने पुष्पगुच्छ और पारंपरिक स्वागत के साथ उनका अभिनंदन किया।
इस दौरान डॉ. राजशाखा दंपति ने अभिनेत्री को स्टूडियो की संपूर्ण अवधारणा, आधुनिक सुविधाओं और वेलनेस साइंस के बारे में विस्तार से जानकारी दी। निमरत कौर ने स्टूडियो में मौजूद फिजियोथेरेपी यूनिट, एडवांस फिटनेस उपकरण, योग और मेडिटेशन जोन, न्यूट्रिशन काउंसलिंग विभाग, स्किन और कॉस्मेटोलॉजी सेंटर तथा पोस्ट-इंजरी रिहैबिलिटेशन सेंटर का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ डॉक्टरों और ट्रेनर्स से बातचीत भी की। डॉ. राजवी राजशाखा ने उन्हें आधुनिक स्किन केयर और कॉस्मेटिक उपचार पद्धतियों की जानकारी दी।
निमरत कौर के पोरबंदर आगमन की खबर फैलते ही उनके प्रशंसकों की भीड़ स्टूडियो के बाहर उमड़ पड़ी। अभिनेत्री ने भी अपने चाहने वालों का अभिवादन स्वीकार किया और कई लोगों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं। उनकी सादगी और विनम्र व्यवहार ने लोगों का दिल जीत लिया।
कुल मिलाकर, बॉलीवुड अभिनेत्री की यह यात्रा पोरबंदर के लिए यादगार साबित हुई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

