विश्व पर्यावरण दिवस पर भरूच में सांसद मनसुखभाई ने किया पौधारोपण
भरूच/वडोदरा, 05 जून (हि.स.)। गुजरात के भरूच रेलवे इंस्टीट्यूट परिसर में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में भरूच के सांसद मनसुखभाई वसावा
ने बतौर मुख्य अतिथि सहभागिता की। सांसद ने पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
सांसद मनसुखभाई विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल के मिशन लाइफ के तहत पर्यावरण संरक्षण और हरित जीवनशैली को कार्यक्रम में बोल रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा दैनिक जीवन में पर्यावरण अनुकूल आदतें अपनाने का आह्वान किया।
वडोदरा मंडल मुख्यालय में पर्यावरण जागरूकता रैली का आयोजन किया गया, जिसमें रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों, स्काउट-गाइड और सिविल डिफेंस कर्मियों ने भाग लिया। इसके बाद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। वडोदरा वन विभाग के सहयोग से करीब 500 पौधों का वितरण किया गया।
इसके साथ ही पर्यावरण विषयक निबंध, चित्रकला और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। सिविल डिफेंस टीम द्वारा नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलायी गई। पश्चिम रेलवे के इन कार्यक्रमों का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित जीवनशैली और स्वच्छ एवं सतत भविष्य के निर्माण के प्रति लोगों को प्रेरित करना रहा।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक राजू भडके, वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

