home page

साबरकांठा में मिलावटी मावा बनाने वाली डेयरी पर छापा, 5.10 लाख का मावा जब्त

 | 
साबरकांठा में मिलावटी मावा बनाने वाली डेयरी पर छापा, 5.10 लाख का मावा जब्त


-जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा : प्रफुल पानशेरियागांधीनगर, 22 मई (हि.स.)। गुजरात स्वास्थ्य विभाग ने साबरकांठा जिले के तलोद तहसील के रोजड़ गांव स्थित भोलेनाथ डेयरी पर छापा मारकर 2548 किलो मिलावटी मावा जब्त किया है। यह कार्रवाई स्वास्थ्य राज्य मंत्री प्रफुल पानशेरिया के निर्देश पर की गई।

मंत्री प्रफुल पानशेरिया ने बताया कि गांधीनगर फ्लाइंग स्क्वॉड को मिली गुप्त सूचना के आधार पर डेयरी में अचानक जांच की गई। प्राथमिक जांच में सामने आया कि यहां बड़े पैमाने पर मिलावटी मावा तैयार किया जा रहा था। साथ ही बिना आवश्यक लाइसेंस के अवैध रूप से स्वीट बर्फी का उत्पादन भी किया जा रहा था।

फूड सेफ्टी अधिकारियों ने मौके से मावा और बर्फी के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। कार्रवाई के दौरान करीब 5.10 लाख रुपये कीमत का 2548 किलो मिलावटी मावा जब्त किया गया।

जांच के दौरान डेयरी में भारी गंदगी भी पाई गई। खराब परिस्थितियों में तैयार किया गया 550 किलो मावा लोगों के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होने के कारण मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। नियमों के उल्लंघन पर विभाग ने डेयरी को फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट के तहत इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया है तथा उसका फूड लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

मंत्री प्रफुल पानशेरिया ने चेतावनी देते हुए कहा कि जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। राज्य सरकार भविष्य में भी मिलावटखोरों और अवैध खाद्य कारोबार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे