वासद-रनोली रेलखंड पर मेगा ब्लॉक, तीन जून को कई ट्रेनें रद्द और प्रभावित रहेंगी
वडोदरा, 02 जून (हि.स.)। पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल में वासद और रनोली स्टेशनों के बीच स्थित ब्रिज संख्या 624 (अप लाइन) पर री-गर्डरिंग कार्य के चलते 3 जून 2026 को 5 घंटे 30 मिनट का मेगा ब्लॉक लिया जाएगा। यह ब्लॉक सुबह 11:15 बजे से शाम 4:45 बजे तक रहेगा। इसके कारण वडोदरा मंडल से होकर गुजरने वाली कई ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ेगा।
रेलवे प्रशासन के पीआरओ अनुभव सक्सेना ने मंगलवार को बताया कि यात्रियों की सुरक्षा और रेल अवसंरचना को मजबूत बनाने के उद्देश्य से यह कार्य किया जा रहा है। ब्लॉक के दौरान कुछ ट्रेनों को पूर्ण रूप से रद्द किया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों का संचालन आंशिक रूप से प्रभावित रहेगा। कुछ ट्रेनों को निर्धारित समय से बाद में चलाया जाएगा तथा कुछ ट्रेनों को मार्ग में नियंत्रित (रेगुलेट) किया जाएगा।
ये ट्रेनें रहेंगी पूर्णतः रद्द
- ट्रेन संख्या 19036 मणिनगर-वडोदरा इंटरसिटी एक्सप्रेस (3 जून 2026)
- ट्रेन संख्या 19035 वडोदरा-मणिनगर इंटरसिटी एक्सप्रेस (3 जून 2026)
- Train संख्या 12930 वडोदरा-वलसाड इंटरसिटी एक्सप्रेस (3 जून 2026)
आंशिक रूप से रद्द ट्रेन
- ट्रेन संख्या 22960 जामनगर-वडोदरा इंटरसिटी एक्सप्रेस 3 जून को अहमदाबाद स्टेशन पर शॉर्ट टर्मिनेट होगी। यह ट्रेन अहमदाबाद से वडोदरा के बीच आंशिक रूप से रद्द रहेगी।
रिशेड्यूल की गई ट्रेन
- ट्रेन संख्या 12010 अहमदाबाद-मुंबई सेंट्रल शताब्दी एक्सप्रेस 3 जून को अपने निर्धारित समय से 40 मिनट देरी से रवाना होगी।
रेगुलेट की जाने वाली ट्रेनें
- ट्रेन संख्या 16533 भगत की कोठी-केएसआर बेंगलुरु एक्सप्रेस लगभग 55 मिनट नियंत्रित (रेगुलेट) की जाएगी।
- ट्रेन संख्या 12477 जामनगर-श्री माता वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस लगभग 50 मिनट नियंत्रित की जाएगी।
- ट्रेन संख्या 20626 भगत की कोठी-एमजीआर चेन्नई सेंट्रल एक्सप्रेस लगभग 55 मिनट नियंत्रित की जाएगी।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की अद्यतन स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

