वाइब्रेंट गुजरात प्रदर्शनी में ‘मैंगो फेस्टिवल’ का जलवा, देश-विदेश की किस्में बनी आकर्षण का केंद्र
सूरत, 02 मई (हि.स.)। ऑरो यूनिवर्सिटी परिसर में आयोजित वाइब्रेंट गुजरात रीजनल प्रदर्शनी में इस बार मैंगो फेस्टिवल खास आकर्षण बनकर उभरा है। प्रदर्शनी में औद्योगिक विकास, कृषि प्रगति और ग्रीन एनर्जी से जुड़े कई स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें बागवानी विभाग द्वारा आयोजित यह आम महोत्सव लोगों को खूब आकर्षित कर रहा है।
इस मैंगो फेस्टिवल में कुल 15 स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें से 13 स्टॉल पर आम की बिक्री हो रही है, जबकि 2 स्टॉल पर करीब 72 देशी और विदेशी किस्मों का प्रदर्शन किया गया है। दक्षिण गुजरात के सूरत, नवसारी, वलसाड, डांग और भरूच जिलों के किसानों द्वारा प्राकृतिक खेती पद्धति से उगाए गए आम यहां बिक्री के लिए उपलब्ध हैं।
फेस्टिवल में तिरंगा, करंजीयो, वनराज, हाथी झूला, नूरजहां जैसी देशी किस्मों के साथ-साथ मियाजांकी, सुपर क्वीन और अमेरिका में लोकप्रिय डोपेन ग्रीन, ऑस्ट्रिन तथा टॉमी एटकिन्स जैसी विदेशी किस्मों ने खास आकर्षण पैदा किया है। इन दुर्लभ और प्रीमियम किस्मों को देखने और खरीदने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।
यह प्रदर्शनी 5 मई तक जारी रहेगी। बागवानी विभाग ने सूरत के सूचना विभाग के माध्यम से शहरवासियों से अपील की है कि वे इस अनूठे मैंगो फेस्टिवल का अवश्य लाभ उठाएं और विभिन्न किस्मों के आमों का आनंद लें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

