मुख्यमंत्री ने 'ग्रीन ड्राइव पोर्टल' का किया शुभारंभ
नई दिल्ली, 01 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को 'ग्रीन ड्राइव पोर्टल' (greendrive.delhivanmahotsav.in) का आधिकारिक शुभारंभ किया। यह पोर्टल आगामी 'रिज वन पुनरुद्धार कार्यक्रम – एक पेड़ मां के नाम' अभियान को एक व्यापक जन-आंदोलन का रूप देने की दिशा में दिल्ली सरकार की एक क्रांतिकारी डिजिटल पहल है। इस मौके पर दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पोर्टल केवल एक डिजिटल प्लेटफॉर्म नहीं, बल्कि जनभागीदारी का सशक्त माध्यम है। अब कोई भी नागरिक घर बैठे अपने मोबाइल या कंप्यूटर के जरिए सीधे इस अभियान से जुड़ सकता है। पोर्टल पर निम्नलिखित चार निःशुल्क सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसमें नागरिक अपनी सुविधानुसार स्थान और समय का चयन कर वृक्षारोपण के लिए ऑनलाइन स्लॉट बुक कर सकते हैं। यदि किसी नागरिक, विद्यालय, कार्यालय, आरडब्ल्यूए या आवासीय सोसायटी के पास पौधारोपण के लिए पर्याप्त स्थान है, तो दिल्ली सरकार निःशुल्क पौधे सीधे उनके परिसर तक पहुंचाएगी। इस फीचर की मदद से नागरिक अपने निकटतम सरकारी नर्सरी की सटीक लोकेशन जानकर वहां से सीधे निःशुल्क पौधे प्राप्त कर सकते हैं। इस माध्यम से प्रत्येक दिल्लीवासी दिल्ली सरकार के पर्यावरण अभियानों से सीधे जुड़कर एक जिम्मेदार 'ग्रीन वॉरियर' के रूप में अपना स्थायी योगदान दे सकेगा।
मुख्यमंत्री ने दिल्लीवासियों से आह्वान करते हुए कहा कि यह केवल सरकार का अभियान नहीं, बल्कि दिल्ली के प्रत्येक नागरिक का अभियान है। उन्होंने सभी परिवारों से आग्रह किया कि वे 'एक पेड़ मां के नाम' अवश्य लगाएं और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा एवं हरित पर्यावरण का उपहार दें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पौधा दिल्ली के भविष्य को सुरक्षित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा। दिल्ली में 70 लाख पौधे लगाए जाएंगे, जिससे राजधानी के हरित क्षेत्र का अभूतपूर्व विस्तार होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली आज एक नए पर्यावरणीय संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। सरकार का उद्देश्य केवल वृक्षारोपण करना नहीं, बल्कि दिल्ली के प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र को पुनर्जीवित कर आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वच्छ, हरित और स्वस्थ राजधानी का निर्माण करना है। उन्होंने कहा कि 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान प्रकृति, मातृत्व और भविष्य की पीढ़ियों के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी का प्रतीक है।
इस अवसर पर मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल 70 लाख पौधों का रोपण करना नहीं, बल्कि दिल्ली के प्रत्येक नागरिक को हरित एवं स्वच्छ दिल्ली के निर्माण का सक्रिय सहभागी बनाना है। ग्रीन ड्राइव पोर्टल के माध्यम से दिल्ली की सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों को शामिल करते हुए वृक्षारोपण स्थलों का वर्गीकरण किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

