सूरत में उद्योगपति परिवार की बहू ने की आत्महत्या
सूरत, 22 अप्रैल (हि.स.)। सूरत शहर के सुभाषनगर क्षेत्र में एक उद्योगपति परिवार की नवविवाहित बहू ने शादी के महज दो महीने बाद आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान ख्याति केजरीवाल के रूप में हुई है, जिनकी शादी 10 फरवरी, 2026 को अभिषेक केजरीवाल के साथ हुई थी।
जानकारी के अनुसार 21 अप्रैल को ख्याति ने अपने बंगले के तीसरे मंजिल पर स्थित बेडरूम में फांसी लगाकर जीवन समाप्त कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही उमरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस मामले में एसीपी विजय मल्होत्रा ने बताया कि परिवार के सदस्यों के अनुसार ख्याति रात में भोजन करने के बाद अपने बेडरूम में आराम करने के लिए गई थीं। आमतौर पर वह शाम तक कमरे से बाहर आ जाती थीं, लेकिन देर तक बाहर नहीं आने पर परिवार को संदेह हुआ। इसके बाद परिवार ने उनके पति को फोन कर जानकारी दी। जब स्थिति स्पष्ट नहीं हुई, तो परिजनों ने दूसरी चाबी से कमरे का दरवाजा खोला, जहां ख्याति अपने दुपट्टे के सहारे फांसी के फंदे से लटकी हुई मिलीं।
परिजनों ने बताया कि ख्याति मूल रूप से मुंबई की रहने वाली थीं। उनके पिता दीपक बंसल और माता सीमा बंसल हैं। दोनों परिवार आर्थिक रूप से संपन्न बताए जा रहे हैं। केजरीवाल परिवार “हार्मनी यार्न्स” नामक कंपनी से जुड़ा हुआ है, जिसमें अभिषेक केजरीवाल डायरेक्टर के रूप में कार्यरत हैं।
पुलिस जांच के दौरान अभी तक कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। फिलहाल पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

