शिक्षा मंत्री रिवाबा ने दो छात्रावास परियोजनाओं का किया लोकार्पण, कहा- कोई भी बेटी शिक्षा से वंचित न रहे
छोटाउदयपुर, 28 जुलाई (हि.स.)। राज्य की प्राथमिक, माध्यमिक एवं प्रौढ़ शिक्षा राज्य मंत्री रिवाबा जाडेजा ने छोटाउदयपुर जिले के कवांट तहसील स्थित रूमडिया मॉडल डे स्कूल गर्ल्स हॉस्टल और हरपालपुरा स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी) गर्ल्स हॉस्टल का लोकार्पण किया। दोनों परियोजनाओं पर लगभग ₹15 करोड़ की लागत आई है।
गुजरात सरकार के शिक्षा विभाग द्वारा आदिवासी और ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा सुरक्षित आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री रिवाबा जाडेजा ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि दूर-दराज और आदिवासी क्षेत्रों की कोई भी बेटी शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2002 में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में शिक्षा सुधारों की शुरुआत हुई, जिसे तत्कालीन मुख्यमंत्री और वर्तमान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कन्या केलवणी एवं शाला प्रवेशोत्सव जैसे अभियानों के माध्यम से गांव-गांव तक पहुंचाया। इन्हीं प्रयासों का परिणाम है कि गुजरात में कभी 76 प्रतिशत तक पहुंच चुका ड्रॉपआउट रेट घटकर आज मात्र 2.35 प्रतिशत रह गया है।
शिक्षा मंत्री ने जिला प्रशासन और कलेक्टर गार्गी जैन की सराहना करते हुए कहा कि आंबाडूंगर और आमलापाणी जैसे दुर्गम क्षेत्रों में कंटेनर स्कूल की अवधारणा सराहनीय है, जिससे आदिवासी बच्चों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर शिक्षा मिल सकेगी। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे प्रतिदिन अपने बच्चों से यह अवश्य पूछें कि उन्होंने स्कूल में क्या सीखा। उन्होंने कहा कि 'निपुण भारत' अभियान के तहत बच्चों को केवल साक्षर बनाना ही नहीं, बल्कि उन्हें कौशल और संस्कार आधारित शिक्षा देना भी जरूरी है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में राज्य सरकार जल्द ही 11,000 शिक्षकों की भर्ती करने जा रही है, जिससे ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षकों की कमी दूर होगी। वहीं 'विद्या सेतु' अभियान के तहत स्कूल छोड़ चुके बच्चों को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान सभी ने विकसित गुजरात से विकसित भारत के संकल्प को दोहराया और यह सुनिश्चित करने का संकल्प लिया कि प्रत्येक बच्चा कम से कम 12वीं कक्षा तक शिक्षा पूरी करे। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री और अन्य अतिथियों ने छात्रावास परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया तथा छात्राओं से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया।
छात्रावासों की प्रमुख विशेषताएं
-रूमडिया मॉडल डे स्कूल गर्ल्स हॉस्टल का निर्माण समग्र शिक्षा अभियान के तहत लगभग ₹7 करोड़ की लागत से किया गया है, जिसमें 100 छात्राओं के रहने की क्षमता है।
-हरपालपुरा केजीबीवी गर्ल्स हॉस्टल का निर्माण लगभग ₹8 करोड़ की लागत से किया गया है, जिसमें 200 छात्राओं के रहने की व्यवस्था है।
-दोनों छात्रावासों में डॉरमेट्री, रीडिंग हॉल, एक्टिविटी रूम, वार्डन कक्ष, रसोईघर, स्टोर रूम, डाइनिंग हॉल तथा आधुनिक शौचालय-बाथरूम की सुविधाएं उपलब्ध हैं।
-सुरक्षा के लिए 24×7 सीसीटीवी निगरानी, फायर सेफ्टी सिस्टम, जनरेटर, सोलर पैनल, सोलर स्ट्रीट लाइट, सोलर वॉटर हीटर तथा महिला स्टाफ के लिए अलग कक्ष की व्यवस्था की गई है।
कार्यक्रम में विधायक अभेसिंह तड़वी, जयंती राठवा, पूर्व सांसद गीता राठवा, जिला कलेक्टर गार्गी जैन, स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

