सूरत में अवैध गर्भपात रैकेट का भंडाफोड़, अस्पताल सील
सूरत, 06 मई (हि.स.)। सूरत के वराछा इलाके में अवैध गर्भ परीक्षण और भ्रूण हत्या से जुड़े एक बड़े रैकेट का खुलासा हुआ है। वराछा रोड स्थित ममता मल्टी-स्पेशियलिटी हॉस्पिटल पर स्वास्थ्य विभाग ने छापा मारकर इस पूरे गोरखधंधे का पर्दाफाश किया।मुख्य जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल पटेल ने बताया कि टीम ने अस्पताल के पहले और दूसरे माले पर जांच की। कार्रवाई के दौरान वहां अवैध रूप से गर्भपात के लिए आई तीन गर्भवती महिलाएं मिलीं। पूछताछ में अस्पताल में काम करने वाली एक सफाई कर्मचारी ने बताया कि रामगोपाल खंडेलवाल नामक फार्मासिस्ट यहां महिलाओं के ऑपरेशन करता है। छापेमारी के दौरान मची अफरा-तफरी का फायदा उठाकर एक गर्भवती महिला मौके से फरार हो गई, जबकि अन्य दो महिलाओं को आगे की जांच और उपचार के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया है।स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ममता हॉस्पिटल को सील कर दिया है। वराछा पुलिस ने फार्मासिस्ट रामगोपाल खंडेलवाल की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम अब इस अवैध रैकेट में अन्य डॉक्टरों या मेडिकल क्षेत्र से जुड़े लोगों की संलिप्तता की भी जांच कर रही हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

