गुजरात के छह जिलों में बारिश की संभावना
अहमदाबाद, 07 मई (हि.स.)। राजस्थान में बने अपर एयर साइक्लोनिक सर्कुलेशन के असर से गुजरात के कई इलाकों में पिछले दो दिनों से गर्मी के बीच बारिश जैसा मौसम देखने को मिल रहा है। इस बीच मौसम विभाग ने गुरुवार (7 मई) को राज्य के 6 जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई है, वहीं दो दिन बाद फिर से हीटवेव का दौर शुरू होने की चेतावनी दी है।
बुधवार (6 मई) को सौराष्ट्र के गिर पंथक समेत कई क्षेत्रों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी दर्ज की गई। राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहे और ठंडी हवाएं चलने से मौसम सुहावना बना रहा। हालांकि दूसरी ओर गर्मी का असर भी बरकरार है। गुजरात के 8 जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। राजकोट 42.9 डिग्री तापमान के साथ राज्य का सबसे गर्म शहर रहा।
अहमदाबाद में अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार 7 मई को राजकोट, मोरबी, बोटाद, अमरेली, भावनगर और कच्छ जिलों में हल्की और छिटपुट बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने यह भी अनुमान जताया है कि अगले तीन दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की बढ़ोतरी होगी। इसके चलते 9 मई से 12 मई के बीच गुजरात के कई शहरों में हीटवेव जैसी स्थिति बन सकती है। फिलहाल राज्य में बदलते मौसम और दोहरे वातावरण के कारण मौसमी बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

