home page

खाद्य गुणवत्ता और स्वच्छता के मानकों में गुजरात बनेगा देश के लिए रोल मॉडल: प्रफुल पानशेरिया

 | 
खाद्य गुणवत्ता और स्वच्छता के मानकों में गुजरात बनेगा देश के लिए रोल मॉडल: प्रफुल पानशेरिया


- मिलावटी घी, एनालॉग पनीर और अन्य नकली खाद्य उत्पाद बनाने वाली इकाइयों पर होगी सख्त कार्रवाई, होटल-रेस्टोरेंट में स्वच्छता मानकों का पालन अनिवार्य

सूरत, 07 नवंबर (हि.स.)। दिवाली के त्योहार को ध्यान में रखते हुए नागरिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल पानशेरिया की अध्यक्षता में सूरत से राज्यस्तरीय वर्चुअल समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें खाद्य एवं औषधि विभाग सहित सभी जिलों के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी शामिल हुए। मंत्री ने विभाग की ओर से पूरे वर्ष किए गए कार्यों की सराहना करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी।

बैठक में मंत्री पानशेरिया ने स्पष्ट किया कि नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने और उन्हें गुमराह करने वाले तत्वों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि राज्य में नकली घी, एनालॉग पनीर, चीज, बटर, टोमैटो सॉस, आम के रस और पाम ऑयल का इस्तेमाल कर नकली खाद्य सामग्री बनाने वाली कंपनियों एवं इकाइयों के खिलाफ खाद्य एवं औषधि विभाग ने सख्त कानूनी कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि नागरिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और मिलावटखोरी को जड़ से खत्म करने के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध है।

स्वास्थ्य मंत्री ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में स्वच्छता और खाद्य गुणवत्ता के मामले में गुजरात पूरे देश के लिए एक आदर्श मॉडल बनेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का यह अभियान बाजार में शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।

उन्होंने चेतावनी दी कि प्लास्टिक के रैपर पर केवल 'घी' लिखकर पाम ऑयल जैसे उत्पाद बेचने वालों के खिलाफ कानूनी मामले दर्ज किए जाएंगे। होटल, रेस्टोरेंट और फूड स्ट्रीट में स्वच्छता मानकों तथा निर्धारित एसओपी का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। वहीं, सील खोलकर खाद्य सामग्री की अवैध हेराफेरी करने वालों के खिलाफ पुलिस के सहयोग से एफआईआर दर्ज की जाएगी।

बैठक में राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने, खाद्य एवं औषधि विभाग की कार्रवाई, खाद्य पदार्थों के नमूने लेने की प्रक्रिया और आपातकालीन सेवाओं को अधिक व्यवस्थित करने पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

इस वर्चुअल बैठक में स्वास्थ्य विभाग के क्षेत्रीय उपनिदेशक, मुख्य जिला स्वास्थ्य अधिकारी और खाद्य एवं औषधि विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे