गुजरात में पांच लाख बेटियों को दी मुफ्त सर्वाइकल कैंसर वैक्सीन
गांधीनगर, 07 मई (हि.स.)। महिलाओं में होने वाले गर्भाशय मुख कैंसर (सर्वाइकल कैंसर) से राज्य की बेटियों को सुरक्षित करने के उद्देश्य से गुजरात में विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत अब तक राज्य की 5 लाख से अधिक बेटियों को पहला टीका लगाया जा चुका है। गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल पानशेरिया ने बताया कि राज्य ने निर्धारित लक्ष्य का 90 प्रतिशत हिस्सा पूरा कर लिया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के मार्गदर्शन में शुरू किए गए इस राष्ट्रव्यापी अभियान को गुजरात में उल्लेखनीय सफलता मिल रही है। अब तक इस टीकाकरण अभियान के कारण किसी भी प्रकार की गंभीर दुष्प्रभाव की घटना सामने नहीं आई है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि यह टीका पूरी तरह सुरक्षित है।
राज्य की सभी चिकित्सा महाविद्यालयों से जुड़ी अस्पतालों, जिला अस्पतालों, उपजिला अस्पतालों तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर 14 वर्ष की सभी बालिकाओं के लिए यह टीका उपलब्ध कराया गया है।
स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल पानशेरिया ने राज्य के सभी अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि मई महीने के अंत तक चलने वाले इस अभियान का लाभ लेने से वंचित 14 वर्ष की सभी बेटियों को बिना देर किए नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर टीका अवश्य लगवाना चाहिए।
उन्होंने लोगों से सामाजिक माध्यमों पर फैल रही भ्रामक और वैज्ञानिक आधारहीन अफवाहों से दूर रहने तथा बेटियों के सुरक्षित भविष्य के लिए इस टीकाकरण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

