home page

नर्सिंग सिर्फ नौकरी नहीं बल्कि सेवा और संवेदनशीलता का क्षेत्र है : प्रफुल पानसेरिया

 | 
नर्सिंग सिर्फ नौकरी नहीं बल्कि सेवा और संवेदनशीलता का क्षेत्र है : प्रफुल पानसेरिया


सूरत, 06 मई (हि.स.)। गुजरात में नर्सिंग क्षेत्र में हुई प्रगति और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया को लेकर नर्सिंग एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल पानसेरिया से मुलाकात कर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान एसोसिएशन ने नर्सिंग कैडर में लिए गए निर्णयों के लिए राज्य सरकार का आभार जताया।

स्वास्थ्य मंत्री पानसेरिया ने कहा कि नर्सिंग केवल नौकरी नहीं बल्कि सेवा और संवेदनशीलता का क्षेत्र है। नर्सिंग स्टाफ का व्यवहार मरीजों और सहकर्मियों पर गहरा प्रभाव डालता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के शुरुआती प्रशिक्षण काल से ही उनके व्यक्तित्व और व्यवहार का सही निर्माण होना जरूरी है। सेवा के साथ संस्कार का समावेश ही आधुनिक स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बना सकता है।

मंत्री ने सुझाव दिया कि नर्सिंग शिक्षा में व्यवहार और आध्यात्मिक मूल्यों को भी जोड़ा जाए ताकि भविष्य में संवेदनशील और मानवीय दृष्टिकोण वाले नर्सिंग अधिकारी तैयार हो सकें। उन्होंने कहा कि मरीजों के साथ मानवीय व्यवहार अस्पताल प्रबंधन को नई ऊंचाई दे सकता है।

नर्सिंग काउंसिल के उपाध्यक्ष इकबाल कड़ीवाला ने बताया कि कोविड-19 के बाद गुजरात के 500 से अधिक नर्सिंग कर्मियों का चयन देश की प्रतिष्ठित संस्थाओं में हुआ है। उन्होंने कहा कि राज्य में पहली बार एक ही वर्ष में जीपीएससी के माध्यम से 50 से अधिक नर्सिंग अधिकारियों, प्रिंसिपलों और प्रोफेसरों की नियुक्ति की गई है। कोविड के बाद अब तक 5 हजार से अधिक नर्सिंग स्टाफ की स्थायी भर्ती हो चुकी है।

बैठक में नर्सिंग स्टाफ के भत्तों, विद्यार्थियों के स्टाइपेंड, लंबित पदोन्नति और उच्च वेतनमान जैसे मुद्दे भी उठाए गए। स्वास्थ्य मंत्री ने इन मांगों पर जल्द उच्च अधिकारियों के साथ बैठक बुलाने का आश्वासन दिया। साथ ही जून माह में अहमदाबाद में नर्सिंग क्षेत्र को लेकर विशेष सम्मेलन आयोजित करने की भी घोषणा की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे