home page

भाजपा की दक्षिण जोन प्रशिक्षण कार्यशाला संपन्न, संगठन सशक्तिकरण पर जोर

 | 
भाजपा की दक्षिण जोन प्रशिक्षण कार्यशाला संपन्न, संगठन सशक्तिकरण पर जोर


सूरत, 18 जून (हि.स.)। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के अंतर्गत दक्षिण जोन की प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन गुरुवार को सूरत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यालय में किया गया। कार्यशाला में संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति, डिजिटल तकनीक और बूथ प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश महामंत्री डॉ. प्रशांतभाई कोराट ने की। दीप प्रज्ज्वलन और सामूहिक वंदे मातरम् के साथ कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर वक्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय और एकात्म मानववाद के सिद्धांतों को संगठन की मूल प्रेरणा बताते हुए कार्यकर्ताओं से इन्हें जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यशाला में विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञ वक्ताओं ने मार्गदर्शन प्रदान किया। इसके अलावा भरतभाई डांगर ने वैचारिक अधिष्ठान, अर्चनाबेन ठाकर ने संगठन के इतिहास और विकास, प्रशांतभाई वाला ने कार्य विस्तार की रणनीति, डॉ. जानकीबेन आचार्य ने कार्यपद्धति तथा गौतमभाई गेडिया ने सरकार की उपलब्धियों और उनके जनहितकारी प्रभावों पर प्रकाश डाला।

डिजिटल सशक्तिकरण के विषय पर मनन दाणी ने सोशल मीडिया, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), नमो ऐप और सरल ऐप के उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आधुनिक दौर में डिजिटल माध्यम संगठन और जनसंपर्क का महत्वपूर्ण उपकरण बन चुके हैं। वहीं, बाबूभाई जेबलिया ने बूथ प्रबंधन की बारीकियों से कार्यकर्ताओं को अवगत कराया।

वक्ताओं ने कहा कि प्रशिक्षण अभियान का उद्देश्य केवल संगठनात्मक जानकारी देना नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सक्षम और नेतृत्व के लिए तैयार करना भी है। प्रशिक्षित कार्यकर्ता पार्टी की नीतियों और योजनाओं को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में दक्षिण जोन के तहत सूरत महानगर, सूरत जिला, नवसारी, भरूच, नर्मदा, वलसाड, डांग और तापी से आए पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

प्रदेश सह-संयोजक राजेशभाई देसाई और प्रकाशचंद्र चौधरी पटेल की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष महत्व प्रदान किया। मेजबान के रूप में सूरत शहर भाजपा अध्यक्ष परेशभाई पटेल, महामंत्री करशनभाई गोंडलिया, दुर्गा प्रसाद पांडे, विरल गिलिटवाला सहित अनेक पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

समापन सत्र में संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण और आगामी कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया गया। राष्ट्रगान के साथ कार्यशाला का समापन हुआ।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे