सूरत भाजपा में बढ़ी अंदरूनी कलह, विधायक कार्यालय की बैठक में विवाद से मचा राजनीतिक बवाल
सूरत, 05 अगस्त (हि.स.)। सूरत भाजपा में लंबे समय से चल रही अंदरूनी खींचतान अब खुलकर सामने आती दिख रही है। उत्तर विधानसभा के विधायक कांती बलर के कार्यालय में आयोजित एक बैठक के दौरान टाउन प्लानिंग (टीपी) कमेटी के चेयरमैन महेंद्र देसाई और भाजपा की महिला पार्षद जयश्री वोरा के पति मनहर वोरा के बीच विवाद हो गया, जिससे राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।
घटना को लेकर दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे सामने आए हैं। एक पक्ष का कहना है कि बैठक के दौरान केवल तीखी बहस और धक्का-मुक्की हुई, जबकि दूसरे पक्ष का आरोप है कि मारपीट की गई, जिसमें चोटें आईं और इलाज कराना पड़ा।
हालांकि, टीपी कमेटी चेयरमैन महेंद्र देसाई ने मारपीट के आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि केवल कहासुनी और हल्की धक्का-मुक्की हुई थी। वहीं विधायक कांती बलर की ओर से भी बैठक में झड़प होने की पुष्टि की गई है।
सूत्रों के मुताबिक, बैठक के दौरान महिला पार्षद के पति की एक अन्य पार्षद के साथ भी तीखी बहस हुई। राजनीतिक गलियारों में थप्पड़ चलने की भी चर्चा है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना के बाद महिला पार्षद और उनके पति ने टीपी कमेटी चेयरमैन पर अवैध निर्माण के मामलों में पक्षपातपूर्ण कार्रवाई और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि वराछा और कतारगाम क्षेत्र में सौराष्ट्रवासी एवं पाटीदार समाज के उद्योगपतियों को निशाना बनाकर उनकी संपत्तियों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा समर्थकों के निर्माण कार्यों के खिलाफ शिकायतें कराकर कार्रवाई कराने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल, इस पूरे मामले पर भाजपा संगठन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं, आरोपों और प्रत्यारोपों के बीच सूरत भाजपा की अंदरूनी राजनीति एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई है।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

