गुजरात में अगले तीन दिन में मध्यम बारिश का अनुमान, सौराष्ट्र-कच्छ में 16 प्रतिशत बारिश की कमी
अहमदाबाद, 08 अगस्त (हि.स.)। गुजरात में फिलहाल उल्लेखनीय बारिश नहीं हो रही है और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश के दौर जारी है। मौसम विभाग ने आठ से 14 अगस्त तक राज्य में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। राज्य में दो मौसम प्रणालियां सक्रिय होने से अगले सात दिनों तक बारिश का माहौल बना रहने की संभावना है।
अहमदाबाद और गांधीनगर समेत कई जिलों में अगले तीन दिनों के दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान गरज-चमक और बिजली की कड़कड़ाहट के साथ बारिश के छींटे पड़ने की संभावना है। हालांकि, अगले सप्ताह राज्य में कहीं भी अत्यधिक भारी बारिश की संभावना नहीं जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार मानसून ट्रफ और पश्चिमी विक्षोभ की प्रणालियां सक्रिय हैं, जिसके चलते राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है।
गुजरात में सामान्य से 9% अधिक बारिश
चालू मानसून की स्थिति पर नजर डालें तो गुजरात में अब तक सामान्य रूप से 441.8 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए थी, जबकि इसके मुकाबले औसतन 481.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। यानी राज्य में अब तक सामान्य से 9 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। हालांकि बारिश का वितरण पूरे राज्य में समान नहीं रहा है। गुजरात रीजन में सामान्य 570 मिलीमीटर के मुकाबले 730 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से 28 प्रतिशत अधिक है। वहीं, सौराष्ट्र-कच्छ में सामान्य 339.7 मिलीमीटर के मुकाबले केवल 250 मिलीमीटर बारिश हुई है। इसके चलते इस क्षेत्र में अभी भी 16 प्रतिशत बारिश की कमी बनी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

