गुजरात में भीषण गर्मी का कहर, अहमदाबाद समेत 8 जिलों में ‘येलो अलर्ट’ जारी
अहमदाबाद, 27 अप्रैल (हि.स.)। गुजरात में इस समय भीषण गर्मी लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। ऐसा लग रहा है मानो सूरज आग बरसा रहा हो। स्थानीय निकाय चुनाव के मतदान दिवस पर इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया। पहली बार पारा 44°C के पार पहुंच गया। कांडला एयरपोर्ट में सबसे अधिक 45.2°C तापमान दर्ज हुआ, जबकि अहमदाबाद 44.8°C के साथ दूसरे स्थान पर रहा। भीषण गर्मी का असर मतदान पर भी देखने को मिला और लू लगने के बाद तीन लोगों की मौत की भी खबर है।
राज्य के पांच शहरों में 26 अप्रैल को तापमान 44°C से ऊपर पहुंच गया था। दिन के साथ-साथ रात में भी गर्म हवाएं चलने से लोगों को राहत नहीं मिल रही है। दोपहर के समय लोग बिना जरूरी काम के बाहर निकलने से बच रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार गुजरात में हीटवेव का प्रकोप जारी है। साेमवार काे कच्छ, पाटन, मोरबी, सुरेंद्रनगर, अहमदाबाद, बोटाद, राजकोट और पोरबंदर में ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। अगले तीन दिनों तक तापमान में कोई खास बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद 2 से 3 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। आने वाले दिनों में तापमान 41 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
मौसम वैज्ञानिक प्रदीप शर्मा के अनुसार एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, लेकिन इसका असर गुजरात पर पड़ने की संभावना नहीं है। दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और पाकिस्तान सीमा के पास बना चक्रवात अब कमजोर पड़ चुका है। वर्तमान में पश्चिम से उत्तर-पश्चिम दिशा की हवाएं चल रही हैं, जिससे लाेगाें काे गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान 40°C से अधिक बना हुआ है, जबकि तटीय क्षेत्रों में यह 35 से 40°C के बीच है, जहां ‘गर्म और उमस’ जैसी स्थिति बनी हुई है। मछुआरों के लिए फिलहाल कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है। समुद्री क्षेत्रों में हवा की गति 15 से 20 नॉट्स रहने की संभावना है।
अगले 24 घंटों के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। सौराष्ट्र-कच्छ के कच्छ, सुरेंद्रनगर, राजकोट, पोरबंदर, मोरबी और बोटाद के अलावा दक्षिण गुजरात के सूरत, पाटन, अहमदाबाद और गांधीनगर में भीषण गर्मी रहने की संभावना है। अहमदाबाद और गांधीनगर में तापमान 44°C तक पहुंच सकता है, जबकि राजकोट और सुरेंद्रनगर में 45°C तक जाने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले सात दिनों तक राज्य में मौसम मुख्यतः शुष्क बना रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

