गुजरात के लिए लाभकारी है केंद्रीय बजट : भूपेंद्र पटेल
गांधीनगर, 05 फ़रवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने केंद्रीय बजट 2026-27 को तीन मुख्य कर्तव्यों के आधार पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के निर्माण के लिए एक मजबूत बुनियाद तैयार करने वाला बजट करार दिया है।
उन्होंने इन तीन कर्तव्यों पर रोशनी डालते हुए कहा कि आर्थिक वृद्धि को गति देते हुए टिकाऊ विकास, लोगों की आकांक्षाएं पूरी कर क्षमता निर्माण से देश की समृद्धि में सक्रिय जनभागीदारी और ‘सबका साथ, सबका विकास’ को और अधिक गति देने की प्रतिबद्धता इस बजट में प्रतिबिंबित हुई है।
मुख्यमंत्री ने गुरुवार को गांधीनगर में आयोजित पत्रकार वार्ता में केंद्रीय बजट 2026-27 का स्वागत करने के साथ-साथ गुजरात को इस बजट से होने वाले लाभ के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस मौके पर वित्त मंत्री कनुभाई देसाई, वित्त विभाग के अपर मुख्य सचिव टी. नटराजन तथा मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव संजीव कुमार इस प्रेस वार्ता में मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने इसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में ‘रिफॉर्म एक्सप्रेस’ को आगे बढ़ाने वाला विकसित भारत के लिए क्वांटम जंप (एक बड़ी छलांग) देने वाला बजट बताया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भारत आज दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बनने की दिशा में गति कर रहा है, तब यह बजट विकसित और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में एक अहम कदम सिद्ध होगा।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट में फार्मा सेक्टर में 10 हजार करोड़ रुपए के आवंटन वाले बायोफार्मा शक्ति कार्यक्रम के माध्यम से देश को ग्लोबल बायोफार्मा मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने का लक्ष्य तय किया गया है। गुजरात फार्मास्युटिकल क्षेत्र में देश का अगुवा है और बायोफार्मा शक्ति कार्यक्रम का लाभ राज्य के फार्मा सेक्टर को भी मिलेगा।
उन्होंने कहा कि इस बजट में टेक्सटाइल सेक्टर को बढ़ावा देने के लिए घोषित की गई 6 योजनाओं का लाभ राज्य के टेक्सटाइल क्षेत्र को गति देगा।
उन्होंने राज्य के 42.9 लाख से अधिक सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) को अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए कहा कि केंद्र सरकार के इस वर्ष के बजट में ‘चेम्पियन एमएसएमई’ के निर्माण के लिए 10 हजार करोड़ रुपए के एसएमई ग्रोथ फंड की घोषणा की गई है। इससे एमएसएमई सेक्टर को सीधा लाभ मिलेगा और लिक्विडिटी यानी तरलता बढ़ेगी।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि गुजरात चार सेमीकंडक्टर प्लांट के साथ देश का सेमीकंडक्टर हब बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसे बजट में घोषित इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन 2.0 का लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम गति शक्ति से दिल्ली-मुंबई औद्योगिक गलियारा (डीएमआईसी) के माल ढुलाई मार्ग के नेटवर्क से लॉजिस्टिक सपोर्ट सुदृढ़ हुआ है, अब पूर्वी भारत में स्थित दानकुनी से हमारी टेक्सटाइल सिटी सूरत तक के नए समर्पित माल गलियारे (डीएफसी) से राज्य के व्यापार-उद्योग और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर के लिए तेज लॉजिस्टिक्स सेवाएं उपलब्ध होंगी।
मुख्यमंत्री ने देश के फिनटेक हब गिफ्ट सिटी (गुजरात इंटरनेशनल फाइनेंस टेक-सिटी) में दस वर्ष के टैक्स हॉलिडे यानी कर अवकाश को बढ़ाकर 20 वर्ष करने की घोषणा का स्वागत किया। इस बारे में विस्तार से बताते हुए उन्होंने कहा कि इस टैक्स हॉलिडे के चलते गिफ्ट सिटी में निवेशक ज्यादा भरोसे के साथ दीर्घकालिक निवेश के लिए आकर्षित होंगे।
उन्होंने प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में राज्य के शहरों के ग्रोथ हब बनने का जिक्र करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि इस बजट में 5 लाख से अधिक आबादी वाले टियर-2 और टियर-3 शहरों को सिटी इकोनॉमिक रीजन के रूप में विकसित करने की घोषणा से हमारे बड़े शहरों के साथ-साथ छोटे शहरों का विकास भी तेज गति से होगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि गुजरात आने वाले समय में कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी करने के लिए तैयार है, इसे बजट में घोषित खेलो इंडिया मिशन कार्यक्रम से और अधिक प्रेरणा और बल मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय वृद्धि में गुजरात के महत्वपूर्ण योगदान का विशेष रूप से उल्लेख करते हुए कहा कि 16वें वित्त आयोग के तहत गुजरात के लिए सेंट्रल डिवॉल्युशन (केंद्रीय करों की विभाज्य निधि में गुजरात का हिस्सा) 3.48 फीसदी से बढ़ाकर3.75 फीसदी किया गया है। इसके परिणामस्वरूप राज्य में ग्रामीण क्षेत्रों सहित सभी तमाम इंफ्रास्टाकचर डेवलपमेंट को गति मिलेगी।
युवाओं के लिए रोजगार निर्माण के नए द्वार खोलने वाली अनोखी योजना के बारे में उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ युवा प्रशिक्षण प्राप्त कर कंटेंट क्रिएशन के क्षेत्र में आगे बढ़ सकें, इसके लिए विशेष एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट, गेमिंग और कॉमिक्स (एवीजीसी) सेक्टर में 2030 तक 20 लाख पेशेवर तैयार करने का लक्य्आ निर्धारित किया गया है।
इसके लिए देश में 15 हजार स्कूलों और 500 कॉलेजों में कंटेंट क्रिएटर लैब स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने आशा जताई कि गुजरात के महत्वाकांक्षी युवाओं को इसका लाभ मिलेगा।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस विकासोन्मुखी बजट का लाभ प्राप्त कर गुजरात डबल इंजन सरकार की डबल स्पीड से विकसित भारत के निर्माण की अगुवाई करेगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. विक्रांत पांडे, सचिव अजय कुमार और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

