home page

गुजरात में भीषण गर्मी : राजकोट में 41.7 डिग्री सेल्सियस तापमान, कच्छ में हीटवेव का येलो अलर्ट

 | 
गुजरात में भीषण गर्मी : राजकोट में 41.7 डिग्री सेल्सियस तापमान, कच्छ में हीटवेव का येलो अलर्ट


गांधीनगर, 13 अप्रैल (हि.स.)। गुजरात में इस साल गर्मी की शुरुआत ही तेज तपिश के साथ हुई है। राज्य के अधिकांश शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में गर्मी का असर और बढ़ सकता है, जिसके चलते कच्छ सहित कई क्षेत्रों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान कच्छ जिले में हीटवेव की स्थिति बनी रहेगी। तेज गर्म हवाओं और उमस को देखते हुए लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने और अधिक मात्रा में पानी व तरल पदार्थ लेने की सलाह दी गई है।

राजकोट में सोमवार को अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा। तेज गर्मी के कारण दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिला। अन्य शहरों की बात करें तो अहमदाबाद में 40.7 डिग्री सेल्सियस, गांधीनगर में 40.2 डिग्री सेल्सियस, जबकि भुज और सुरेंद्रनगर में भी तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया।

मौसम विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल पूरे राज्य में मौसम शुष्क बना रहेगा। उत्तर-पश्चिम दिशा से चल रही गर्म हवाओं के कारण अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री तक और बढ़ोतरी हो सकती है। अगले 4 से 5 दिनों तक गर्मी से राहत मिलने के कोई संकेत नहीं हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे