गुजरात में अगले 48 घंटे भारी बारिश का अलर्ट, 9 जिलों में येलो चेतावनी जारी
गांधीनगर, 07 अगस्त (हि.स.)। गुजरात में मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ ही अगले 48 घंटों में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने राज्य में 13 अगस्त तक हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। वहीं, 8 और 9 अगस्त को कई जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार वाव-थराद, बनासकांठा, पाटण, महेसाणा, गांधीनगर, अरावली, महिसागर, पंचमहल और दाहोद जिलों में 8 और 9 अगस्त को भारी बारिश के साथ मेघगर्जन और बिजली गिरने की संभावना है।
आईएमडी ने इस दौरान राज्य के कई हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और बिना जरूरी काम के घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक वर्तमान में मानसून ट्रफ फिरोजपुर, रोहतक, शाहजहांपुर, कानपुर और दीघा होते हुए उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक सक्रिय है। इसके अलावा मध्य एवं ऊपरी क्षोभमंडल में पश्चिमी विक्षोभ भी प्रभावी बना हुआ है।
वहीं, अरब सागर से आने वाली दक्षिण-पश्चिमी और पश्चिमी नम हवाओं के कारण गुजरात में नमी की मात्रा बढ़ रही है, जिससे आने वाले दिनों में राज्यभर में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने नागरिकों से गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है। साथ ही प्रशासन और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

