गुजरात में 12 से 15 सितंबर तक भारी बारिश का अलर्ट
-गुजरात के कई जिलों में ऑरेंज और येलो चेतावनी जारी
गांधीनगर, 11 सितंबर (हि.स.)। गुजरात में मानसून का एक और सक्रिय दौर शुरू होने जा रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 7 दिनों के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ व्यापक बारिश होने की संभावना है। विशेष रुप से 12 से 15 सितंबर के दौरान कई जिलों में भारी से अत्यंत भारी बारिश हो सकती है। इसे देखते हुए विभिन्न जिलों के लिए ऑरेंज और येलो चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्रों में निम्न दबाव का क्षेत्र बना है, जिसके प्रभाव से गुजरात में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
10 और 11 सितंबर को राज्य में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के बाद 12 सितंबर से बारिश का जोर बढ़ेगा। दक्षिण गुजरात के वडोदरा, छोटा उदेपुर, नर्मदा, भरूच, सूरत, तापी, डांग, नवसारी और वलसाड में बारिश की संभावना है। दमन में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना को देखते हुए पीली चेतावनी जारी की गई है।
13 सितंबर को बारिश की तीव्रता बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने राज्य के सभी जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी दी है।
ऑरेंज चेतावनी: डांग, नवसारी, वलसाड, दमन तथा दादरा और नगर हवेली।
येलो चेतावनी: अहमदाबाद, आणंद, पंचमहल, दाहोद, वडोदरा, छोटा उदेपुर, नर्मदा, भरूच, सूरत और तापी।
सौराष्ट्र और दीव: राजकोट, पोरबंदर, जूनागढ़, अमरेली, भावनगर, गिर सोमनाथ, बोटाद और दीव में भारी बारिश की संभावना के चलते येलो चेतावनी रहेगी।
14 सितंबर को डांग, नवसारी, वलसाड, दमन तथा दादरा और नगर हवेली में नारंगी चेतावनी जारी की गई है। वहीं अहमदाबाद, आणंद, पंचमहल, दाहोद, वडोदरा, छोटा उदेपुर, नर्मदा, भरूच, सूरत, तापी समेत सौराष्ट्र के राजकोट, जामनगर, पोरबंदर, जूनागढ़, मोरबी, देवभूमि द्वारका, गिर सोमनाथ, बोटाद और दीव में पीली चेतावनी रहेगी।
15 सितंबर को बारिश का मुख्य केंद्र सौराष्ट्र रहने की संभावना है। पोरबंदर, जूनागढ़, देवभूमि द्वारका, गिर सोमनाथ और दीव में भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने इस दौरान कुछ स्थानों पर बिजली चमकने और गरज के साथ तेज बारिश तथा सतह पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

