वाइब्रेंट गुजरात समिट का न्योता लेकर लखनऊ पहुंचा प्रतिनिधिमंडल, सीएम योगी से की मुलाकात
अहमदाबाद/लखनऊ, 25 नवंबर (हि.स.)। गुजरात के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की ओर से उन्हें जनवरी 2027 में होने वाले 'वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट' में शामिल होने का न्योता दिया।
गुजरात के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री रमणभाई सोलंकी के नेतृत्व में इस दल में वरिष्ठ आईएएस अधिकारी आलोक कुमार पांडेय और क्षिप्रा आग्रे भी शामिल थे। बैठक के दौरान दोनों राज्यों के बीच व्यापारिक संबंधों को बढ़ाने और निवेश की नई संभावनाओं पर बातचीत हुई।
ऊर्जा और स्वास्थ्य मंत्रियों से भी की चर्चा
दौरे के दौरान गुजरात के प्रतिनिधिमंडल ने यूपी के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा से भी अलग-अलग मुलाकात कर उन्हें समिट के विशेष सत्रों में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।
मंत्रियों के बीच हुई बातचीत में मुख्य रूप से बिजली वितरण सुधार, भूमिगत केबलिंग, शहरी बुनियादी ढांचे, पीपीपी मॉडल पर सड़क निर्माण और सीवेज ट्रीटमेंट के आधुनिक तरीकों पर चर्चा हुई। इसके अलावा, स्वास्थ्य सेवाओं, फार्मा निर्यात और नवीकरणीय ऊर्जा (रिन्यूएबल एनर्जी) के क्षेत्र में दोनों राज्यों के साझा अनुभवों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए साल 2003 में वाइब्रेंट गुजरात समिट की शुरुआत की थी, जो अब देश-विदेश के निवेशकों और उद्योगपतियों का एक बड़ा मंच बन चुका है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

