home page

गुजरात में बदलेगा मौसम का मिजाज, कई जिलों में 30 मई से बारिश-आंधी का अलर्ट

 | 
गुजरात में बदलेगा मौसम का मिजाज, कई जिलों में 30 मई से बारिश-आंधी का अलर्ट


अहमदाबाद, 27 मई (हि.स.)। गुजरात में मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने 30 मई से एक जून तक राज्य के कई हिस्सों में तेज आंधी, बिजली चमकने और भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग के अनुसार पंजाब से पाकिस्तान होते हुए गुजरात के पास उत्तर-पूर्व अरब सागर तक एक ट्रफ सक्रिय है। इसके साथ ही 28 मई को एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस भी सक्रिय हो रहा है, जिसके प्रभाव से गुजरात में मौसम बिगड़ने की संभावना बढ़ गई है।

विभाग ने बताया कि 30 और 31 मई के साथ एक जून को उत्तर गुजरात तथा बाद में सौराष्ट्र-कच्छ के अमरेली, भावनगर समेत कई जिलों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।

फिलहाल दक्षिण-पश्चिम मानसून अभी तक केरलम में प्रवेश नहीं कर पाया है और पिछले चार दिनों से केरलम तट के पास समुद्र में ही स्थिर बना हुआ है। हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ, ट्रफ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन जैसी मौसम प्रणालियों के कारण गुजरात में प्री-मानसून गतिविधियां तेज होने लगी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे