home page

अहमदाबाद के पुलिस कमिश्नर जीएस मलिक बने गुजरात के नए डीजीपी

 | 
अहमदाबाद के पुलिस कमिश्नर जीएस मलिक बने गुजरात के नए डीजीपी


अहमदाबाद, 06 जून (हि.स.)। गुजरात सरकार ने राज्य पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए अहमदाबाद के पुलिस कमिश्नर ज्ञानेन्द्र सिंह (जीएस) मलिक को गुजरात का नया डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (डीजीपी) और इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (आईजीपी) नियुक्त किया है। गृह विभाग के जारी आदेश के अनुसार उनकी नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।

हरियाणा मूल के 1993 बैच के गुजरात कैडर के आईपीएस अधिकारी जी.एस. मलिक वर्तमान में अहमदाबाद के पुलिस कमिश्नर के पद पर कार्यरत थे। अब वे राज्य के सर्वोच्च पुलिस अधिकारी के रूप में गुजरात की कानून-व्यवस्था, आंतरिक सुरक्षा और पुलिस प्रशासन की कमान संभालेंगे।

जी.एस. मलिक गुजरात पुलिस के अनुभवी अधिकारियों में गिने जाते हैं। अपने लंबे प्रशासनिक करियर में उन्होंने राज्य पुलिस के विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दी हैं। इसके अलावा केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के दौरान उन्होंने बीएसएफ और सीआईएसएफ में भी अहम जिम्मेदारियां निभाई थीं। केंद्रीय सेवा से लौटने के बाद उन्हें अहमदाबाद पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया था।

उल्लेखनीय है कि 01 जनवरी 2026 से के.एल.एन. राव कार्यवाहक डीजीपी के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे थे। करीब पांच महीने बाद राज्य सरकार ने स्थायी डीजीपी की नियुक्ति की है। के.एल.एन. राव सीआईडी क्राइम और जेल विभाग के डीजी पद पर यथावत बने रहेंगे। जी.एस. मलिक अक्टूबर 2028 में सेवानिवृत्त होंगे। उनकी नियुक्ति का आदेश गुजरात के राज्यपाल के नाम से जारी किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे