सूरत के विभिन्न वार्डों में भाजपा ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा, राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा शहर
सूरत, 11 अगस्त (हि.स.)। 80वें स्वतंत्रता पर्व की राष्ट्रव्यापी तैयारियों के तहत भारतीय जनता पार्टी सूरत शहर द्वारा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत शहर के विभिन्न वार्डों में भव्य तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया गया। इन यात्राओं में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं, युवाओं और बड़ी संख्या में शहरवासियों ने भाग लिया।
वार्ड नंबर 11 में आयोजित तिरंगा यात्रा में सूरत शहर भाजपा संगठन अध्यक्ष परेशभाई पटेल और गुजरात विधानसभा के उपाध्यक्ष पूर्णेशभाई मोदी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ महामंत्री विरल गिलिटवाला, दुर्गाप्रसाद पांडे, प्रदेश सह प्रवक्ता हेमालीबेन बाघावाला तथा पूर्व डिप्टी मेयर निरव शाह सहित भाजपा के अनेक नेता और युवा कार्यकर्ता यात्रा में शामिल हुए।
इसके अलावा वार्ड नंबर 21, 24 और 27 में भी भव्य तिरंगा यात्राएं निकाली गईं। वार्ड नंबर 17 में सूरत शहर भाजपा महामंत्री करशनभाई गोंडलिया तथा वार्ड नंबर 15 में विधायक प्रवीणभाई घोघारी ने तिरंगा यात्रा को रवाना किया। हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों और गीतों के साथ बड़ी संख्या में युवा एवं शहरवासी यात्रा में शामिल हुए। विभिन्न क्षेत्रों से गुजरती तिरंगा यात्राओं के दौरान पूरा माहौल राष्ट्रभक्ति से सराबोर नजर आया।
भाजपा के स्थानीय पार्षदों, वार्ड अध्यक्षों और संगठन पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में यात्रा का संचालन किया। आयोजकों के अनुसार, तिरंगा यात्रा के माध्यम से राष्ट्रप्रेम, एकता, अखंडता और देश के प्रति समर्पण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

