home page

सूरत में निकाली गयी भव्य कांवड़ यात्रा, 5 हजार से अधिक श्रद्धालु हुए शामिल

 | 
सूरत में निकाली गयी भव्य कांवड़ यात्रा, 5 हजार से अधिक श्रद्धालु हुए शामिल


सूरत, 16 अगस्त (हि.स.)। धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बन चुकी सूरत की भव्य कांवड़ यात्रा इस वर्ष भी अत्यंत धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ निकाली गई। 'समस्त झारखंड समाज सेवा ट्रस्ट' द्वारा लगातार छठी बार आयोजित इस यात्रा में सूरत और आसपास के क्षेत्रों से 5 हजार से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए, जिनमें पुरुषों के साथ-साथ महिलाओं की भी भारी उपस्थिति रही।

कांवड़ यात्रा का शुभारंभ दोपहर 2 बजे गोडादरा स्थित नीलम नगर के बाबा वैद्यनाथ धाम मंदिर से हुआ। यात्रा के दौरान निकाली गई मनमोहक और भव्य झांकियां सभी के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। सामाजिक अग्रणियों व ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने पुष्प वर्षा कर कांवड़ियों का गर्मजोशी से स्वागत किया।

बाबा वैद्यनाथ धाम मंदिर से प्रस्थान कर कांवड़िये शाम लगभग 5 बजे जहांगीरपुरा स्थित कुरुक्षेत्र धाम पहुंचे, जहां उन्होंने तापी नदी का पवित्र जल कांवड़ में भरा। इसके बाद यात्रा अपने निर्धारित मार्ग से होते हुए पर्वत पटिया पहुंची। रात लगभग 10 बजे कांवड़िए पर्वत गांव स्थित सूरत म्युनिसिपल कम्युनिटी होल पहुंचे, जहां आयोजकों द्वारा श्रद्धालुओं के विश्राम और भव्य भजन संध्या की विशेष व्यवस्था की गई थी।

ट्रस्ट के पदाधिकारियों के अनुसार, यह वार्षिक कांवड़ यात्रा न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि समाज में एकता, सांस्कृतिक विरासत और आपसी भाईचारे का मजबूत संदेश भी देती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे