home page

राज्यपाल आचार्य देवव्रत दो दिवसीय सूरत दौरे पर

 | 
राज्यपाल आचार्य देवव्रत दो दिवसीय सूरत दौरे पर


सूरत, 23 अगस्त (हि.स.)। गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत 24 और 25 अगस्त 2026 को सूरत जिले के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, किसानों से संवाद तथा विभिन्न जनसंपर्क कार्यक्रमों में भाग लेंगे। राज्यपाल बारडोली तहसील के टींबरवा गांव और आसपास के क्षेत्रों का भी दौरा करेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राज्यपाल देवव्रत 24 अगस्त को सुबह 11:30 बजे संजीवकुमार ऑडिटोरियम में वीर नर्मद दक्षिण गुजरात विश्वविद्यालय के 59वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद शाम 6:30 बजे बारडोली तहसील के टींबरवा गांव में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण करेंगे। शाम 6:55 से 7:15 बजे तक टींबरवा गांव में स्वच्छता अभियान में भाग लेंगे। रात 8 बजे गांव में रात्रिभोज के बाद रात 8:35 से 9:40 बजे तक स्थानीय ग्रामीणों के साथ संवाद और रात्रि सभा करेंगे। राज्यपाल टींबरवा प्राथमिक विद्यालय में रात्रि विश्राम करेंगे।

दौरे के दूसरे दिन 25 अगस्त को सुबह 5:45 से 6:45 बजे तक टींबरवा प्राथमिक विद्यालय में योग सत्र में शामिल होंगे। इसके बाद सुबह 7:05 से 8:20 बजे तक राजपुरालुंभा में राकेशभाई बाबूभाई पटेल के प्राकृतिक खेती मॉडल फार्म का दौरा करेंगे। यहां वे गौ-दोहन देखेंगे तथा करीब 50 से 60 स्थानीय किसानों के साथ प्राकृतिक खेती को लेकर सीधे संवाद करेंगे। इसके बाद सुबह 10 बजे से 11:40 बजे तक सांकरी स्थित बीएपीएस श्री स्वामीनारायण मंदिर में आयोजित प्राकृतिक खेती सेमिनार एवं प्रदर्शनी के मुख्य मंच कार्यक्रम में राज्यपाल की उपस्थिति रहेगी।

राज्यपाल के इस दौरे का प्रमुख उद्देश्य किसानों के बीच प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूकता बढ़ाना, पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ना तथा प्राकृतिक खेती के सफल मॉडलों को किसानों तक पहुंचाना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे