home page

सकारात्मक विचार व्यक्ति और समाज के निर्माण की आधारशिला होते हैं : आचार्य देवव्रत

 | 
सकारात्मक विचार व्यक्ति और समाज के निर्माण की आधारशिला होते हैं : आचार्य देवव्रत


सूरत, 13 मार्च (हि.स.)। गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने कहा कि सकारात्मक विचार व्यक्ति और समाज के निर्माण की आधारशिला होते हैं।

राज्यपाल देवव्रत गुरुवार काे सूरत सौराष्ट्र पटेल सेवा समाज ने ‘थर्स-डे थॉट्स: विचारों का वावेतर’ कार्यक्रम के 150वें पड़ाव पर आयाेजित ‘विचार महोत्सव’ कार्यक्रम काे संबाेधित कर रहे थे।

सौराष्ट्र पटेल सेवा समाज, समाज में सकारात्मक विचारधारा के प्रसार के उद्देश्य से पिछले तीन वर्षों से प्रत्येक गुरुवार को ‘थर्स-डे थॉट्स: विचारों का वावेतर’ कार्यक्रम कर रहा है।

कैनाल रोड स्थित हैप्पीनेस बैंक्वेट हॉल में आयोजित इस समारोह में राज्यपाल ने कहा कि सकारात्मक विचार व्यक्ति और समाज के निर्माण की आधारशिला होते हैं। विचारों का वावेतर नई पीढ़ी में ऊर्जा, सकारात्मक दृष्टिकोण, पहल और संस्कारों का विकास करता है। उन्होंने कहा कि स्नान से केवल शरीर की शुद्धि होती है, लेकिन मन की शुद्धि सत्य बोलने से, आत्मा की शुद्धि विद्या और तप से तथा बुद्धि की शुद्धि ज्ञान से होती है। श्रेष्ठ विचार और संस्कार ही मनुष्य को वास्तविक अर्थों में प्रबुद्ध बनाते हैं।

उन्होंने भारतीय संस्कृति के 16 संस्कारों और ऋषि परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि इनका उद्देश्य व्यक्ति को वैचारिक रूप से सशक्त बनाना है। यदि नई पीढ़ी वैचारिक रूप से मजबूत नहीं होगी, तो समाज और परिवार दोनों को नुकसान हो सकता है।इसलिए ऐसे सामाजिक और वैचारिक कार्यक्रमों में बच्चों को भी साथ लाना चाहिए, क्योंकि वरिष्ठों के अनुभव और मार्गदर्शन से मिलने वाला जीवन का ज्ञान किसी विद्यालय से नहीं मिल सकता। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी में संस्कार और वैचारिक शक्ति का सिंचन करना ही सच्ची राष्ट्रसेवा है।

राज्यपाल ने पटेल समाज के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि पटेल समाज ने ‘राष्ट्र प्रथम’ और ‘जननी-जन्मभूमि’ के प्रति अपने प्रेम को व्यवहार में सिद्ध किया है। अपनी मेहनत की कमाई का एक हिस्सा समाज, गांव और जनकल्याण के कार्यों में लगाकर उन्होंने राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

इस अवसर पर कार्यक्रम में प्रस्तुत श्रेष्ठ 100 विचारों के संकलन रूपी पुस्तक “100 थॉट्स बुक” का भी राज्यपाल ने विमोचन किया।

सौराष्ट्र पटेल सेवा समाज–सूरत के अध्यक्ष कानजीभाई भालाला ने स्वागत भाषण में बताया कि 16 मार्च 2023 से शुरू हुई ‘थर्स-डे थॉट्स’ की यात्रा आज 150वें पड़ाव तक पहुंची है। हेल्थ, वेल्थ और हैप्पीनेस को केंद्र में रखकर शुरू किए गए इस कार्यक्रम को समाज से अभूतपूर्व समर्थन मिला है। उन्होंने कहा कि अच्छे विचार जीवन में प्रकाश और सकारात्मकता लाते हैं तथा बड़े कार्यों की शुरुआत भी अच्छे विचारों से ही होती है।

युवा उद्योगपति राकेशभाई दुधात ने कहा कि एक अच्छा विचार समाज में सकारात्मक परिवर्तन का मार्ग खोल सकता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि आने वाले समय में यह विचार यात्रा और अधिक व्यापक होगी तथा अधिक से अधिक लोग इससे जुड़ेंगे।

इस अवसर पर इफ्को के चेयरमैन दिलीपभाई संघाणी, गुजरात प्राकृतिक कृषि विज्ञान विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. सी.के. टिंबड़िया, उद्योगपति सवजीभाई वेकरिया, ईश्वर धोलकिया, अरविंद धडूक, घनश्यामभाई शंकर, मनहरभाई सासपरा सहित कई सामाजिक अग्रणी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे